
दिल्ली के कर्तव्य भवन में केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक करते बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।Source : Chrome
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। बांकीपुर उपचुनाव के बाद उनका यह पहला दिल्ली दौरा है, इसलिए उनकी केंद्रीय नेताओं के साथ होने वाली मुलाकातों को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों नजरिए से अहम माना जा रहा है। शुक्रवार को दिल्ली के कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अहम बैठक हुई। बैठक में बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
कर्तव्य भवन में शुरू हुई अहम बैठक
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बैठक शुरू हुई। इसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और संजय झा के साथ बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।बैठक शुरू होने के करीब एक घंटे बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर वहां से रवाना हो गए। इसके बाद निर्मला सीतारमण के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार चौधरी और संजय झा की चर्चा जारी रही। बिहार के अधिकारी भी इस दौरान बैठक में मौजूद रहे।
भारत-नेपाल संबंधों से जुड़े मुद्दे भी अहम
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे में बिहार से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्र के साथ बातचीत होने की संभावना है। इनमें भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों के अलावा नेपाल में प्रस्तावित हाई लेवल डैम का विषय भी अहम है।नेपाल से आने वाली नदियों के कारण बिहार के कई इलाकों में हर साल बाढ़ का खतरा बना रहता है। ऐसे में हाई लेवल डैम और नदी प्रबंधन से जुड़े मुद्दे राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जाते हैं। बैठक में इन विषयों को लेकर केंद्र के साथ समन्वय और आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
बिहार की वित्तीय जरूरतों पर भी नजर
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक में बिहार की वित्तीय जरूरतें भी प्रमुख मुद्दा हो सकती हैं। केंद्र से मिलने वाली सहायता, राज्य की विकास योजनाओं और बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए वित्तीय संसाधनों से जुड़े विषयों पर भी मंथन की संभावना है।मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम और मुख्य सचिव की मौजूदगी से यह संकेत मिलता है कि चर्चा केवल राजनीतिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार के प्रशासनिक और आर्थिक मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं।
बांकीपुर उपचुनाव के बाद पहला दिल्ली दौरा
सम्राट चौधरी का यह दिल्ली दौरा बांकीपुर उपचुनाव के बाद हो रहा है। ऐसे में उनके केंद्रीय नेतृत्व से संपर्क और संभावित राजनीतिक बैठकों को लेकर भी बिहार की सियासत में चर्चा तेज है।मुख्यमंत्री की केंद्रीय नेताओं से होने वाली मुलाकातों के साथ-साथ बिहार के विकास, वित्तीय जरूरतों, भारत-नेपाल सीमा और बाढ़ से जुड़े मुद्दों पर होने वाली बातचीत पर भी राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।
