
Amit shah
पटना। बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर करीब 26 वर्षों से चले आ रहे विवाद के समाधान की दिशा में अहम सहमति बनी है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हुई बैठक में बिहार और झारखंड के बीच जल बंटवारे से जुड़े इस पुराने मुद्दे पर समझौते पर सहमति बनी। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटील और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे।
इस सहमति को बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राज्य में किसानों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ने और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सोन नदी के जल के बेहतर प्रबंधन और बंटवारे से बिहार के कृषि क्षेत्र को लाभ मिलने के साथ राज्य के विकास को भी गति मिलने की बात कही गई है।
वहीं, समझौते से झारखंड के लोगों के हितों को भी लाभ पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। लंबे समय से लंबित इस विवाद के समाधान को दोनों राज्यों के बीच जल संसाधन के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बिहार की ओर से इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताया गया है।
