Delhi में छात्र आंदोलन के दौरान कथित पैलेट गन इस्तेमाल के मामले में दिल्ली पुलिस FIR दर्ज कर रही है. राहुल गांधी पीड़ित छात्र के साथ करीब पांच घंटे तक धरने पर बैठे रहे और FIR दर्ज करने की मांग की.
Delhi Plate Gun controversy:पैलेट गन मामले में अब दर्ज होगी FIR, राहुल गांधी के 5 घंटे के धरने के बाद पुलिस ने लिया बड़ा फैसलाSource : NDTV.com
पैलेट गन मामले में FIR दर्ज
दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर चली पैलेट गन के मामले में दिल्ली पुलिस अब FIR दर्ज कर रही है. लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पीड़ित छात्रों के साथ संसद मार्ग थाना पहुंचे थे. राहुल गांधी इस मामले में FIR दर्ज कराने की मांग कर रहे थे. जब पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज नहीं की, तो राहुल गांधी पीड़ित छात्रों के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए. अब दिल्ली पुलिस इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर रही है.
FIR दर्ज कराने पहुंचे थे राहुल गांधी
राहुल गांधी जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में हुए छात्र आंदोलनों के दौरान कथित पैलेट गन इस्तेमाल से प्रभावित साहिल के मामले में जानकारी लेने और FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान पुलिस स्टेशन के बाहर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. मामले को लेकर मौके पर काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला.
पांच घंटे धरने पर बैठे रहे राहुल गांधी
जब पुलिस ने मामले में FIR दर्ज नहीं की, तो राहुल गांधी पीड़ित साहिल और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए. इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी लगातार पुलिस अधिकारियों से बातचीत करती रहीं. करीब पांच घंटे तक राहुल गांधी धरने पर बैठे रहे. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी.
राहुल गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था. उन्होंने दावा किया कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे लगे हैं और उसकी आंख में तीन छर्रे लगे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि एम्स की रिपोर्ट में भी शरीर में बड़ी संख्या में छर्रे होने की बात दर्ज है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह वे एक पुलिस स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन उन्हें दूसरे थाने जाने के लिए कहा गया. राहुल गांधी ने दावा किया कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष को लगातार परेशान किया जा रहा था.
क्या है पूरा मामला?
मामला दिल्ली में हुए छात्र आंदोलनों के दौरान कथित पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़ा है. पीड़ित छात्र साहिल को कथित तौर पर पैलेट गन से चोट लगने का दावा किया गया है. राहुल गांधी ने इस मामले में पुलिस से FIR दर्ज करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की. कई घंटे तक चले धरने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है.
