
Sanjay saraogi
पटना, 4 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को बधाई एवं मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, न्याय और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
संजय सरावगी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्मयोग का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उनका जीवन कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का साथ देने तथा अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म के विरुद्ध धर्म की स्थापना और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया। जन्माष्टमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि धर्म और सत्य की विजय के साथ मानव कल्याण का संदेश देने वाला अवसर भी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और शांति को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बनाए रखने तथा बिहार को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।
