Source: Pinterest

Source: Pinterest

देशभर में मानसून पूरसक्रिय बदल चुका है और कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मेघालय में बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु और केरल समेत कई राज्यों में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी कई इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

IMD के मुताबिक, देश के अलग अलग हिस्सों के लिए येलो और रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

दक्षिण बंगाल और कोलकाता में पांच दिन तक बारिश

दक्षिण बंगाल और कोलकाता में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले चार से पांच दिनों तक यहां बारिश जारी रहने की संभावना है। बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय लो-प्रेशर सिस्टम की वजह से बारिश की रफ्तार बढ़ गई है।खराब मौसम को देखते हुए समुद्र किनारे रहने वाले मछुआरों को फिलहाल समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में हल्की बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को हल्की बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।

वहीँ उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को सामान्य बारिश हुई। हालांकि 21 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

उत्तराखंड और हिमाचल में सबसे ज्यादा असर

लगातार हो रही बारिश से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई जगहों पर भूस्खलन होने से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग समेत करीब 120 सड़कें बंद हो गई हैं। यमुनोत्री हाईवे का एक हिस्सा बह जाने के कारण रास्ता दो दिनों तक बंद रहा, हालांकि फंसे करीब 100 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, किन्नौर और सांगला जैसे इलाकों में भी भारी बारिश के कारण नुकसान हुआ है। किन्नौर में कई घरों में पानी घुस गया, जबकि सांगला में एक पुल भी टूट गया। मौसम विभाग ने शिमला, कुल्लू, चंबा, बिलासपुर और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में भी बदला मौसम

राजस्थान के कई इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हुई। चुरू जिले के राजगढ़-सादुलपुर में सबसे ज्यादा 55 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

केरल के वायनाड और कोझिकोड को जोड़ने वाली सुरंग परियोजना के पास हुए भूस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। बचाव दल पांचवें दिन भी उसकी तलाश में जुटा रहा।

देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।