मेरठ में सपा विधायक शाहिद मंजूर का विरोधियों को चुनावी चुनौती वाला बयान | Source: Chrome

मेरठ में सपा विधायक शाहिद मंजूर का विरोधियों को चुनावी चुनौती वाला बयानSource : Chrome

मेरठ की किठौर विधानसभा सीट पर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गर्म होता नजर आ रहा है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के विधायक शाहिद मंजूर ने मंच से अपने राजनीतिक विरोधियों को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि विरोधी चाहे जितनी ताकत लगा लें, उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है और वे उन्हें चुनाव में हराकर दिखाएं।

जितनी ताकत है लगा लो’

राधना गांव स्थित राम मनोहर लोहिया स्मारक इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शाहिद मंजूर ने अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के दूध और जमीन से जुड़े माफिया भी अगर उनके खिलाफ एकजुट होना चाहते हैं तो हो जाएं।विधायक ने अपने संबोधन में बेहद तीखे अंदाज में विरोधियों को चुनावी चुनौती देते हुए कहा कि सभी अपनी पूरी ताकत लगा लें और उन्हें हराकर दिखाएं।

जनता के भरोसे का दिया हवाला

शाहिद मंजूर ने कहा कि उन्होंने यह बात किसी अहंकार में नहीं, बल्कि अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के भरोसे के आधार पर कही है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें अपने क्षेत्र के लोगों पर पूरा विश्वास है और जनता का साथ उनके साथ बना रहेगा।

पुराने विरोधियों को भी घेरा

सपा विधायक ने कहा कि कुछ लोग हर चुनाव में उनके खिलाफ मैदान में उतरते रहे हैं। उन्होंने विरोधियों को याद दिलाया कि पिछले चुनाव में भी वे उनके सामने थे और इससे पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं।उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनसे मुकाबला करना है तो पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में आए।

किठौर में चुनावी सरगर्मी बढ़ी

शाहिद मंजूर के इस बयान के बाद किठौर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनके बयान को विरोधियों के लिए सीधी राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।स्थानीय स्तर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष से जुड़े नेताओं के बीच संभावित चुनावी मुकाबले को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

राधना गांव में दिया बयान

शाहिद मंजूर ने यह बयान जिस राधना गांव में दिया, वह पहले भी सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में रहा है। गांव में अवैध हथियारों और कथित देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों में NIA समेत अन्य एजेंसियों की कार्रवाई की खबरें पहले सामने आती रही हैं।