
Source: Aaj Tak
मणिपुर में उग्रवादी कार्रवाइयों के खिलाफ पुलिस और सुरक्षा बलों ने मिलकर बड़ा अभियान चलाया। इस अभियान में अलग अलग जगहों से दो नाबालिगों समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से गैरकानूनी हथियार, और लोगों को धमकाने जैसे आरोप हैं। अलग अलग जगहों पर हुई करवाई के दौरान हथियार,जिंदा कारतूस, एक संदिग्ध IED (बम) और चार देसी मोर्टार शेल बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन कौन लोग जुड़े थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों लोगों पर जबर्दस्ती पैसे वसूलने, लोगों को धमकाने और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। सुरक्षा बलों ने अलग-अलग जिलों में एक साथ अभियान चलाया और सभी आरोपियों को पकड़ लिया। अधिकारियों का कहना है कि मणिपुर में उग्रवादी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
UNLF (P) का सदस्य गिरफ्तार
इंफाल ईस्ट जिले के वांगखेई इलाके से गैरकानूनी संगठन UNLF (P) के सदस्य मोइरांगथेम नौबा मेइती (32) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक सिंगल बैरल बंदूक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क करने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने यह भी बताया कि UNLF (P) ने साल 2023 में केंद्र सरकार के साथ शांति समझौता किया था। इसके बावजूद संगठन के कुछ सदस्य अब भी जबरन वसूली और गैरकानूनी हथियारों से जुड़े मामलों में शामिल पाए जा रहे हैं।
फायरिंग के मामले में एक और गिरफ्तारी
इंफाल वेस्ट के लुवांगसांगबाम इलाके से प्रतिबंधित संगठन NRFM के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह इंफाल ईस्ट के पांगेई इलाके में एक घर पर हुई फायरिंग में शामिल था। आरोप है कि उसने लोगों को डराकर जबरन पैसे वसूलने के लिए गोली चलाई थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
दो नाबालिगों के पास मिले 77 जिंदा कारतूस
चुराचांदपुर जिले के पी गेलजांग इलाके से कुकी नेशनल फ्रंट (MC) के दो नाबालिग सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 77 जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है। इसी अभियान के दौरान कांगपोकपी जिले के चिरू गांव में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। यहां से एक संदिग्ध IED (बम) और चार देसी मोर्टार पाए गए। सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे इलाके को सुरक्षित किया और विस्फोटक सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में लगी है
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इनके साथ और कौन कौन लोग जुड़े हुए हैं, हथियार कहां से आए और इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था।
