Source: Pinterest

Source: Pinterest

महाराष्ट्र में लगातार मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुंबई, पुणे, नासिक, ठाणे, रायगढ़ और कोल्हापुर के साथ कई इलाकों में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जनजीवन पर इसका गहरा असर पड़ा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने नासिक, ठाणे और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि मुंबई में ऑरेंज अलर्ट लागू है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हालात की समीक्षा की है और प्रशासन को पूरी तरह होशियार रहने को कहा है। एहतियात के तौर पर नासिक के पांच तालुकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

नासिक के 50 गांवों का टूटा संपर्क

भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर नासिक जिले में देखने को मिला है। त्र्यंबकेश्वर तालुका में लगातार बारिश के वजह से एक प्रमुख सड़क बह गई, जिससे करीब 50 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। कई जगह नदियां और नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी, पेठ, दिंडोरी और नासिक ग्रामीण इलाकों में अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर को एक दिन के लिए श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

मुंबई को राहत, लेकिन बिजली और रेल सेवा प्रभावित

लगातार बारिश के बीच मुंबई के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाले सातों जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है। BMC के मुताबिक, जलाशयों में पानी का भंडारण बढ़कर करीब 28.92 प्रतिशत हो गया है, जिससे फिलहाल मुंबई की पानी की किल्लत में कमी आ रही है। वहीं दूसरी तरफ वसई-विरार और नालासोपारा के कई इलाकों में घंटों तक बिजली गायब रही, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नालासोपारा रेलवे स्टेशन के कई ट्रैक पानी में डूब गए हैं, जिसके कारण रेल सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।

कोल्हापुर और पुणे में भी बढ़ा खतरा, प्रशासन ने जारी की अपील

बारिश का असर कोल्हापुर और पुणे में भी साफ दिखाई दे रहा है। कोल्हापुर में पिछले छह दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पंचगंगा नदी का जलस्तर 35 फीट तक पहुंच गया है और कई जगह नदी का पानी खेतों में फैल गया है। वहीं पुणे जिले में उजनी बांध में पानी तेजी से बढ़ने के बाद भीमा नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।