गर्मी में राहत पाने के लिए लोग सबसे पहले नींबू पानी का सहारा लेते हैं. इसे शरीर को ठंडक पहुंचाने और डिहाइड्रेशन से बचाने वाला हेल्दी ड्रिंक माना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्वाद बढ़ाने के लिए डाली जाने वाली एक चीज इसके फायदे कम कर सकती है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, नींबू पानी में जरूरत से ज्यादा चीनी मिलाना सेहत पर उल्टा असर डाल सकता है. ऐसे में जानिए इसे पीने का सही तरीका और किन बातों का रखना चाहिए ध्यान. 
नींबू पानी पीना क्यों माना जाता है फायदेमंद?
बिना चीनी वाला नींबू पानी भारतीय घरों में लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है। पारंपरिक निंबू पानी में अक्सर काला नमक, सेंधा नमक या भुना हुआ जीरा मिलाया जाता है। यह मिश्रण शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करने में मदद करता है। खासकर गर्मी और उमस के दिनों में यह ड्रिंक काफी राहत देती है।
आयुर्वेद में भी नींबू को महत्वपूर्ण माना गया है। कई लोग सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीते हैं। माना जाता है कि इससे पाचन क्रिया को सक्रिय करने, शरीर को तरोताजा रखने और दिन की शुरुआत बेहतर तरीके से करने में मदद मिल सकती है। नींबू में मौजूद विटामिन-सी शरीर की इम्यून क्षमता को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाता है।
ज्यादा चीनी मिलाने से क्या हो सकती है दिक्कत?
Utopian की रिपोर्ट के अनुसार, जब नींबू पानी में ज्यादा चीनी मिला दी जाती है, तो इसकी कैलोरी बढ़ जाती है। नियमित रूप से अधिक चीनी का सेवन वजन बढ़ने, ब्लड शुगर लेवल प्रभावित होने और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को बढ़ा सकता है। यही वजह है कि आजकल कई हेल्थ और डाइट एक्सपर्ट नींबू पानी को बिना चीनी या कम चीनी के पीने की सलाह देते हैं।
स्वाद बढ़ाने के लिए क्या करें?
अगर आपको नींबू पानी का स्वाद बढ़ाना है, तो चीनी की जगह पुदीने की पत्तियां, काला नमक, सेंधा नमक या भुना जीरा इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे स्वाद भी बेहतर होगा और पेय की पौष्टिकता भी बनी रहेगी। वहीं संतरे का जूस हमेशा ताजा और बिना अतिरिक्त चीनी के पीना बेहतर माना जाता है।
आज के समय में जब लोग पैकेज्ड और ज्यादा मीठे पेयों से दूरी बना रहे हैं, तब नींबू पानी और संतरे का जूस जैसे प्राकृतिक विकल्प फिर से लोकप्रिय हो रहे हैं। इसलिए अगली बार जब आप नींबू पानी बनाएं, तो उसमें चीनी डालने से पहले एक बार जरूर सोचें। कई बार छोटी-सी आदत ही आपकी हेल्थ पर बड़ा असर डाल सकती है।
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी नई डाइट या स्वास्थ्य संबंधी बदलाव से पहले डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
