
Source: NDTV
Hyderabad Suicide Case : हैदराबाद में एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया है, जो सभी को हैरान कर दिया है। बताया जा रहा है कि 25 साल की युवती ने अपने कपड़े उतारने के बाद मंदिर में जा कर देवी अम्मावरु की मूर्ति उठाई और वहां से चली गई। इसके बाद वह पास के तालाब में कूद गई।
घटना के बाद पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से बरामद कर लिया गया, लेकिन देवी की मूर्ति अभी तक नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक युवती मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से परेशान थी। वह पहले बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करती थी। बाद में वह विशाखापत्तनम में रहने लगी।
पुलिस ने बताया कि युवती के माता-पिता के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी वजह से उसके पिता विशाखापत्तनम में रहते थे, जबकि उसकी मां हैदराबाद के पीरजादिगुड़ा इलाके में रहती थीं। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मूर्ति की तलाश में जुटी पुलिस, मां से भी हुई पूछताछ
हैदराबाद मामले में युवती का शव तालाब से बरामद कर लिया गया है, लेकिन मंदिर से गायब हुई देवी अम्मावरु की मूर्ति अभी तक नहीं मिल पाई है। पुलिस मूर्ति को इस मामले का अहम सबूत मानकर उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने युवती की मां से पूछताछ की है। इसके अलावा युवती के बैंक लेन-देन और घटना से पहले उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
मौत से एक दिन पहले मां के साथ घर देखने गई थी युवती
पुलिस के मुताबिक, 17 जुलाई को युवती अपनी मां के साथ हैदराबाद के मियापुर इलाके में दो बेडरूम का फ्लैट देखने गई थी। दोनों घर देखने के बाद वापस लौट आईं और रात में अलग-अलग कमरों में सो गईं। पुलिस का कहना है कि इसके बाद युवती ने अपनी मां के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और मंदिर चली गई। वहां से मूर्ति लेकर वह पास के तालाब में कूद गई।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तालाब से युवती का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम के बाद शव उसकी मां को सौंप दिया गया है। पुलिस ने युवती के पिता को भी घटना की जानकारी दे दी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवती और उसकी मां दोनों ही काफी डर और तनाव की स्थिति में थीं। मामले की जांच अभी जारी है।
