हैदराबाद में सोशल मीडिया पर गोल्डमैन के नाम से मशहूर सूर्यभाई को पुलिस ने 32 लाख रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह शख्स नकली सोने के भारी-भरकम गहने पहनकर खुद को मुख्यमंत्री और बड़े पुलिस अधिकारियों का करीबी बताता था। आरोप है कि उसने विदेश से सस्ता सोना दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये एडवांस लिए और फिर फरार हो गया। पुलिस जांच में उसके रसूख और सोने के गहनों के दावे पूरी तरह झूठे निकले।

वायरल गोल्डमैन गिरफ्तार | Source: ABP live

वायरल गोल्डमैन गिरफ्तारSource : ABP live

पुलिस के अनुसार, सूर्यभाई अपनी सोशल मीडिया इमेज का इस्तेमाल कर लोगों को फंसाता था। वह दावा करता था कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पुलिस कमिश्नर से उसकी जान-पहचान है और वह बिना किसी टैक्स के विदेश से सस्ते दाम में सोना मंगवा सकता है। कई लोग उसके झांसे में आ गए और उसे लाखों रुपये दे दिए, लेकिन किसी को न सोना मिला और न ही उनके पैसे वापस आए।

जांच में खुली गोल्डमैन की पोल, नकली निकले गहने

सेंट्रल क्राइम स्टेशन के इंस्पेक्टर एस. रविंदर ने बताया कि आरोपी ने लोगों का भरोसा जीतने के लिए अपनी झूठी शानो-शौकत का सहारा लिया। जांच और फोरेंसिक टेस्ट में खुलासा हुआ कि जो भारी गहने वह पहनता था, वे असली सोना नहीं थे। सुनारों और जानकारों ने पुष्टि की है कि वे सस्ती धातु के बने थे और उन पर बस सोने की पॉलिश की गई थी।

पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन, नकली गहने और फर्जी सरकारी दस्तावेज बरामद किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ठगी में उसके साथ और कौन लोग शामिल थे। अंदेशा है कि इस गिरोह ने हैदराबाद और आसपास के इलाकों में और भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया होगा। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।