फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार इसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसी कड़ी में तीनों मेजबान देशों में अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जा रही हैं। मैक्सिको में पहले भव्य समारोह के बाद अब कनाडा में होने वाली दूसरी ओपनिंग सेरेमनी चर्चा का केंद्र बनी हुई है, जहां बॉलीवुड स्टार नोरा फतेही अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।  

कनाडा में होगा भव्य आयोजन, नोरा फतेही दिखाएंगी जलवा

फीफा वर्ल्ड कप 2026 की दूसरी ओपनिंग सेरेमनी कनाडा के टोरंटो स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। यह समारोह कनाडा और बोस्निया एंड हर्जेगोविना के बीच खेले जाने वाले मुकाबले से पहले होगा। नोरा फतेही के अलावा एलियाना, जेसी रेयेज, माइकल बुबले, वेजेड्रीम, विलियम प्रिंस और एलेशिया कारा जैसे कई कलाकार भी मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। नोरा की मौजूदगी ने भारतीय और दक्षिण एशियाई फैंस के बीच इस समारोह को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है।  

भारत में कब और कहां देखें लाइव?

भारतीय दर्शकों के लिए यह समारोह रात 11 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा, जबकि मैच का आगाज रात 12:30 बजे होगा। जो फैंस इस भव्य आयोजन को लाइव देखना चाहते हैं, वे इसका प्रसारण Unite8 Sports चैनल पर देख सकते हैं। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।  

तीन देशों में हो रही हैं अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी

फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है जब तीन देशों में अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जा रही हैं। मैक्सिको में हुए पहले समारोह में शकीरा और अन्य अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने प्रस्तुति दी थी। कनाडा के बाद अमेरिका में भी एक अलग भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह नया प्रारूप टूर्नामेंट को और ज्यादा भव्य और वैश्विक बनाने का काम करेगा।