नई दिल्ली। बदलते मीडिया और डिजिटल दौर में सूचना एवं जनसंपर्क व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के सूचना एवं जनसंपर्क सचिवों का राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। सम्मेलन में बिहार की ओर से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार शामिल हुए। बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच सूचना तंत्र को बेहतर बनाने के साथ नई तकनीकों और डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल पर चर्चा हुई।
सम्मेलन में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार सहित विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) और राज्यों के सूचना एवं जनसंपर्क विभागों के बीच समन्वय और साझेदारी मजबूत करने पर जोर दिया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारियों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण का मुद्दा भी बैठक में उठा। इसके लिए भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) की प्रशिक्षण सुविधाओं के इस्तेमाल पर विचार किया गया। इसके अलावा WAVES 2027 और WAVES Bazaar के जरिए मीडिया एवं रचनात्मक क्षेत्र को बाजार से जोड़ने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
फिल्म शूटिंग और लाइव इवेंट के लिए अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए India Cine Hub के सिंगल विंडो पोर्टल को अपनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। सार्वजनिक सेवा प्रसारण के विस्तार और इसमें राज्यों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में Press and Registration of Periodicals (PRP) Act, 2023 के तहत Press Sewa Portal के जरिए प्रकाशन व्यवस्था को डिजिटल बनाने, ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में कम लागत वाले सिनेमा को बढ़ावा देने और सिनेमा हॉल में सुगम्यता मानकों को लागू करने जैसे विषय भी शामिल रहे। WaveX State Ecosystem को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
सम्मेलन में बिहार की भागीदारी के जरिए राज्य की सूचना एवं जनसंपर्क व्यवस्था को केंद्र की नई डिजिटल पहल और तकनीकी व्यवस्थाओं से जोड़ने पर जोर रहा। केंद्र और राज्यों के अधिकारियों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय को लेकर भी विचार साझा किए गए।
