
सदाकत आश्रम कांग्रेस
पटना। शिक्षक समाज के निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। यह बात बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर कही।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138वीं जयंती पर शिक्षक दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कपिलदेव प्रसाद यादव ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कपिलदेव यादव ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान दार्शनिक, शिक्षाविद् और राष्ट्रनायक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका मानना था कि शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र निर्माण और राष्ट्र के विकास की बुनियाद है।
उन्होंने कहा कि मजबूत और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण के लिए शिक्षकों का सम्मान जरूरी है। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था को भी लगातार सुदृढ़ किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में एआईसीसी के प्रभारी माणिकराव ठाकरे, बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी शाहनवाज आलम, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश प्रसाद मुनन, डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय, मिन्नत रहमानी, डॉ. कुमारी सोनी, चंद्रभूषण राजपूत, अरविंद लाल रजक, गोरख नाथ, डॉ. अमन कुमार, रविंद्र पासवान, शशि भूषण पंडित, डॉ. परवेज, शैली विनोद, आरती कुमारी, अमित कुमार, सुरेश मुखिया, अरविंद कुमार पासवान, अरुण कुमार और माधुरी कुमारी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
