भूमि चिन्हित

भूमि चिन्हित

पटना। पालीगंज प्रखंड के रामपुर नगवां में ग्रामीणों को सामुदायिक कार्यक्रमों और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों के लिए जल्द एक नई सुविधा मिलने जा रही है। यहां सामुदायिक भवन सह वर्कशेड का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने जमीन चिन्हित कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर रामपुर नगवां मौजा में थाना संख्या 352, खाता संख्या 438 और खेसरा संख्या 3038 की भूमि का चयन किया गया है। निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति और प्राक्कलन के अनुरूप राशि उपलब्ध कराने को लेकर मिशन निदेशक, बिहार महादलित विकास मिशन को पत्र भेजा गया है।

प्रशासन का लक्ष्य निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर काम शुरू कराना है। भवन बनने के बाद ग्रामीणों को बैठक, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी स्थान मिल सकेगा।

वहीं, वर्कशेड का इस्तेमाल कौशल विकास और आजीविका आधारित कार्यों के लिए किया जा सकेगा। इससे स्थानीय लोगों को काम करने के लिए जगह उपलब्ध होने के साथ रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह परियोजना केवल सामुदायिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ाने में भी मददगार होगी। निर्माण के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को धरातल पर उतारने की कार्रवाई की जाएगी।