Vaibhav Sooryavanshi:वैभव सूर्यवंशी को दिलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाया गया है, लेकिन इस फैसले पर मशहूर कॉमेंटेटर हर्षा भोगले ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
Duleep Trophy 2026: वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाने पर उठे सवाल, हर्षा भोगले बोले- अभी शुरुआती स्टेज में हैंSource : Abp news.com
वैभव सूर्यवंशी को 2026 दिलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy 2026) के लिए ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाया गया है। बुधवार (30 जुलाई) को टीम का ऐलान किया गया, जिसमें ईशान किशन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि सूर्यवंशी को उनका डिप्टी बनाया गया। इस फैसले पर मशहूर कॉमेंटेटर हर्षा भोगले ने हैरानी जताई। उनका कहना है कि वैभव अभी अपने शुरुआती स्टेज पर हैं।
हालिया प्रदर्शन से बटोरी सुर्खियां
वैभव हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर खेली गई टी20 सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे। इस सीरीज में वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने तीन मैचों में 151 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब मिला। वैभव ने 4 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टी20 मुकाबले के जरिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।
रेड बॉल रिकॉर्ड पर उठे सवाल
इससे पहले वैभव आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आए थे। उन्होंने सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। लगातार व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव का रेड बॉल रिकॉर्ड अब तक ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है, जिस पर हर्षा भोगले ने भी जोर दिया। ईस्ट जोन की टीम में मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद जैसे अनुभवी भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।
हर्षा भोगले ने क्या कहा?
रेड बॉल फॉर्मेट में खेली जाने वाली दिलीप ट्रॉफी के लिए वैभव को ईस्ट जोन का उपकप्तान बनाए जाने पर हर्षा भोगले ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मुझे हैरानी है कि सूर्यवंशी को सीनियर रेड बॉल टीम का उपकप्तान बनाने के पीछे क्या सोच है। उन्होंने 12 पारियों में 17.25 की औसत से 207 रन बनाए हैं। उनका टैलेंट जबरदस्त है, लेकिन सीखने की एक प्रक्रिया होती है और रेड बॉल क्रिकेट में वह अभी इसकी शुरुआती स्टेज पर हैं।"
ईस्ट जोन की पूरी टीम
ईशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), डेनिश दास और अभिजीत सरकार।
