Tनई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि एसआई का शव थाना परिसर स्थित उनके सरकारी आवास से बरामद किया गया। मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस

मृतक की पहचान गणेश के रूप में हुई है, जो हैदराबाद के रहने वाले थे और वर्ष 2019 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे। वह मधु विहार थाने में तैनात थे और थाना परिसर में बने सरकारी फ्लैट में रहते थे।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 2 बजे परिजनों ने सूचना दी कि गणेश से काफी समय से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस उनके फ्लैट पर पहुंची।


फ्लैट से बरामद हुआ शव

पुलिस जब फ्लैट पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने अंदर जाकर एसआई गणेश को मृत अवस्था में पाया। सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए।


पोस्टमार्टम और जांच जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके दिल्ली पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


मौत के कारणों की जांच

पूर्वी दिल्ली की डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगा