सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद Zia Ur Rehman Barq ने CJP का सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए जाने पर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल युवाओं की एकजुटता और बढ़ते विरोध से घबरा गया है, इसलिए सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जा रहे हैं।

संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, शिक्षा और परीक्षा पेपर लीक जैसे मुद्दों से परेशान है। ऐसे में सोशल मीडिया पर जो भी प्लेटफॉर्म युवाओं की आवाज उठा रहा है, उसे दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आलोचना सहन नहीं कर पा रही है।

बर्क ने कहा, “देश का युवा अब एक साथ खड़ा हो रहा है। यही वजह है कि सरकार घबराई हुई है और लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए जा रहे हैं। अगर कोई अपनी बात रख रहा है तो उसे रोकना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।”

दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई है। यह एक व्यंग्यात्मक और डिजिटल अभियान के रूप में सामने आई, जिसने बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और युवाओं की समस्याओं को लेकर कई पोस्ट और मीम्स साझा किए। बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ने लगे और देखते ही देखते इसके लाखों फॉलोअर्स हो गए।

हाल ही में इस प्लेटफॉर्म का एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कुछ लोगों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमों का पालन जरूरी है।

जियाउर्रहमान बर्क ने इस दौरान बीजेपी पर “वंदे मातरम्” और “जन गण मन” जैसे मुद्दों पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह न तो “वंदे मातरम्” के खिलाफ हैं और न ही राष्ट्रगान “जन गण मन” के विरोधी हैं। लेकिन बीजेपी इन मुद्दों को बार-बार उठाकर समाज में विभाजन पैदा करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करती है। बर्क ने गाय की कुर्बानी के मुद्दे पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस्लाम में कहीं भी यह नहीं लिखा कि गाय की कुर्बानी देना जरूरी है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बीजेपी कुछ राज्यों में इस पर रोक लगाने की बात करती है, तो जिन राज्यों में उसकी सरकार है वहां पूरी तरह प्रतिबंध क्यों लागू नहीं किया जाता।

इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने इस डिजिटल अभियान की तुलना बीजेपी से करते हुए कटाक्ष किया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब सिर्फ एक सोशल मीडिया मीम या मजाक नहीं रह गई है, बल्कि यह युवाओं की नाराजगी और डिजिटल विरोध का प्रतीक बनती जा रही है। खासकर बेरोजगारी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की नाराजगी सोशल मीडिया के जरिए खुलकर सामने आ रही है।