सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि BAT BMS नाम का एक चीनी मोबाइल ऐप ब्लूटूथ के जरिए ई रिक्शा की बैटरी से जुड़कर उसे चलते-चलते बंद कर सकता है। इस वीडियो ने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है। कुछ लोग इसे इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा से जोड़ रहे हैं जबकि कई लोग इसकी सच्चाई पर सवाल उठा रहे हैं।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में एक युवक अपने मोबाइल में BAT-BMS नाम का ऐप खोलता है। इसके बाद वह अपने आगे चल रहे एक ई-रिक्शा से कथित तौर पर कनेक्ट होता है। कुछ ही पल बाद ई-रिक्शा अचानक रुक जाता है। वीडियो यहीं खत्म हो जाता है, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों का कहना है कि अगर ऐसा सच है, तो यह इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हो सकती है। वहीं कुछ लोग इसे केवल एक तकनीकी डेमो या एडिटेड वीडियो भी मान रहे हैं।
वीडियो देखने के लिए नीचे किलिक करें
लोगों ने क्या कहा?
वीडियो पर हजारों लोगों ने अपनी राय दी है। किसी ने इसे खतरनाक तकनीक बताया तो किसी ने मजाक में कहा कि अब ट्रैफिक रोकने का नया तरीका मिल गया है। एक यूजर ने लिखा, "अगर कोई थर्ड पार्टी ऐप किसी वाहन को रोक सकती है, तो यह सुरक्षा के लिहाज से चिंता की बात है।" वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, "हो सकता है यह सिर्फ उन्हीं बैटरियों पर काम करता हो जिनमें ऐसा सिस्टम पहले से मौजूद हो।" कुछ लोगों ने रिक्शा चालकों की चिंता जताते हुए कहा कि अगर ऐसी तकनीक का गलत इस्तेमाल हुआ, तो सबसे ज्यादा नुकसान मेहनत करके रोजी-रोटी कमाने वालों को होगा।
क्या सच में ऐसा हो सकता है?
फिलहाल इस वायरल वीडियो में किए गए दावों की किसी सरकारी एजेंसी, बैटरी निर्माता कंपनी या संबंधित संस्था ने पुष्टि नहीं की है। इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि हर ई रिक्शा या इलेक्ट्रिक स्कूटर को इस तरह मोबाइल ऐप से बंद किया जा सकता है। ऐसे मामलों में किसी भी वायरल वीडियो पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना जरूरी है।

