पटना। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को महान समाजवादी नेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंडल आयोग के पूर्व अध्यक्ष स्व. बीपी मंडल की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने की। इस दौरान स्व. बीपी मंडल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर मंगनी लाल मंडल ने कहा कि देश में जब भी सामाजिक परिवर्तन की बात होगी, बीपी मंडल का नाम सम्मान के साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीपी मंडल ने पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के सामाजिक उत्थान के लिए लगातार संघर्ष किया। वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।

उन्होंने कहा कि पिछड़े और दलित वर्गों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का अध्ययन कर मंडल आयोग ने अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी थी। बाद में तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह के कार्यकाल में मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू किया गया। इसके बाद पिछड़े वर्गों की सरकारी नौकरियों और सत्ता में भागीदारी बढ़ी।

मंगनी लाल मंडल ने कहा कि पिछड़े वर्गों के आरक्षण को लेकर बीपी मंडल की अनुशंसाओं ने देश की राजनीति और सामाजिक व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव डाला। इससे पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी को मजबूती मिली और सामाजिक न्याय का आंदोलन नई दिशा में आगे बढ़ा।

कार्यक्रम में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बीपी मंडल को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, बीनू यादव, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, चितरंजन गगन, मधु मंजरी, मुकुंद सिंह, मदन शर्मा, संजय यादव, निर्भय अंबेडकर, डॉ. प्रेम कुमार गुप्ता, बबलू मालाकार, प्रमोद कुमार राम, राजेश पाल, अनीता भारती, डॉ. लालदेव प्रसाद यादव, आरिफ हुसैन, सुनीता कुशवाहा समेत अन्य नेताओं ने भी पुष्प अर्पित किए।