बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में अमित मालवीय को जगह नहीं मिली है. उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. टीम से बाहर होने के बाद मालवीय ने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए अपने करीब एक दशक के कार्यकाल को याद किया.
BJP New Team: BJP की नई टीम में अमित मालवीय की छुट्टी, जाते-जाते कह गए ऐसी बात… ‘एक दशक में मुझे...’Source : Abp news.com
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान हो गया है. नई राष्ट्रीय टीम में पार्टी के लंबे समय से आईटी सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को जगह नहीं दी गई. उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को बीजेपी आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
नई टीम में जगह नहीं मिलने के बाद अमित मालवीय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने दीपक म्हास्के समेत बीजेपी के सभी नए पदाधिकारियों को बधाई दी. मालवीय ने कहा कि बीजेपी की नई टीम का ऐलान ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हुआ है, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश तथा संगठन को देश के हर हिस्से तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है.
अमित मालवीय ने याद किया अपना एक दशक
अमित मालवीय को साल 2015 में बीजेपी आईटी सेल का प्रमुख बनाया गया था. अपने लंबे कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने नए पदाधिकारियों के लिए शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने कहा, “पिछले एक दशक में मुझे इन सभी के साथ मिलकर काम करने का सौभाग्य मिला है.” मालवीय ने भरोसा जताया कि नए नेतृत्व में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन और आगे बढ़ेगा.
उन्होंने कहा कि नए नेतृत्व के तहत बीजेपी का डिजिटल संचार नए मुकाम हासिल करेगा और विश्वास, रचनात्मकता तथा स्पष्टता के साथ भारत की जन-चर्चा को आकार देने का काम जारी रखेगा.
दीपक म्हास्के को लेकर क्या बोले मालवीय?
अमित मालवीय ने खास तौर पर दीपक म्हास्के को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि दीपक म्हास्के अब बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग में उनकी जगह जिम्मेदारी संभालेंगे.
इसके अलावा उन्होंने प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सह-संयोजक बनाए जाने पर भी शुभकामनाएं दीं.
दीपक म्हास्के इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं. पार्टी के संगठनात्मक और मीडिया से जुड़े कार्यों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है.
BJP समर्थकों के लिए अमित मालवीय का संदेश
नई टीम से बाहर होने के बाद अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर बीजेपी समर्थकों को भी धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी का यह परिवार हर उतार-चढ़ाव में उनके साथ खड़ा रहा है और भारत की जन-चर्चा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है.
मालवीय ने कहा कि बीजेपी के सोशल मीडिया समर्थक उनके लिए व्यक्तिगत रूप से ऊर्जा का स्रोत रहे हैं. उन्होंने बताया कि विभाग की कमान संभालने के दौरान पिछले ग्यारह वर्षों में उन्हें कई समर्थकों से मिलने और बातचीत करने का मौका मिला, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे.
‘आने वाले सालों में भी समर्थन देते रहें’
अमित मालवीय ने बीजेपी समर्थकों से अपील की कि वे आने वाले वर्षों में भी पार्टी और उनके उत्तराधिकारियों को अपना पूरा समर्थन देते रहें.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेतृत्व में भारत और बड़ी ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है. उन्होंने समर्थकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस सफर में उनके योगदान को याद रखा जाएगा और सुनहरे शब्दों में दर्ज किया जाएगा.
