पटना | पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से पटना स्थित सदाकत आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी। कंप्यूटर, दूरसंचार और विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों ने देश के विकास को नई गति दी।
राजेश राम ने कहा कि राजीव गांधी का विशेष जोर युवाओं को अवसर देने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर था। उनके कार्यकाल में तकनीकी शिक्षा और संचार के विस्तार को बढ़ावा मिला, जिसका प्रभाव आगे चलकर देश की विकास यात्रा में दिखाई दिया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी काम किया। उनके विचारों और दूरदर्शी सोच ने आधुनिक भारत के निर्माण की आधारशिला मजबूत की।
कार्यक्रम में कांग्रेस के अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, पूर्व विधायक इजहारूल हुसैन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
