Source: Aaj tak

Source: Aaj tak

बांकीपुर उपचुनाव में मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनतांत्रिक जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द कर दिया गया। इससे पहले नामांकन के दौरान काफी हंगामा हुआ था और बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में वीणा मानवी को बड़ा झटका लगा है। जांच के दौरान चुनाव अधिकारियों ने पाया कि उनके नामांकन पत्र में कुछ जरूरी नियमों का पालन नहीं किया गया था। इसी वजह से उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।

नामांकन के दिन हुआ था जमकर हंगामा

किसी भी उम्मीदवार के नामांकन पत्र पर 10 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर होना जरूरी होता है। लेकिन वीणा मानवी के फॉर्म में सिर्फ 9 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर मिले। इसी वजह से चुनाव अधिकारियों ने उनका नामांकन रद्द कर दिया।

वीणा मानवी का नामांकन पहले से ही चर्चा में था। सोमवार को नामांकन दाखिल करने के दौरान काफी विवाद और हंगामा हुआ था। इतना ही नहीं, नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था। अब उनका नामांकन खारिज होने से तेज प्रताप यादव की पार्टी जनतांत्रिक जनता दल (जेजेडी) को बड़ा झटका लगा है।

नामांकन के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

सोमवार को नामांकन दाखिल करने के बाद जैसे ही वीणा मानवी पटना समाहरणालय से बाहर निकलीं, वहां पहले से मौजूद गांधीनगर थाने की पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस उनके खिलाफ कोर्ट से जारी गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंची थी। जब पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, तो उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया।

शाम को कोर्ट से मिली जमानत

वीणा मानवी की गिरफ्तारी को लेकर मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। उनके समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। आखिरकार पुलिस ने कोर्ट के वारंट का हवाला देते हुए उन्हें गिरफ्तार कर गांधीनगर थाने ले गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने यह कार्रवाई किसी पुराने मामले में की थी। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही वीणा मानवी को कोर्ट से जमानत मिल गई।