1पटना: बिहार सरकार में मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। मंत्री ने कहा कि वैसे भी लोग अब कम चीनी खा रहे हैं और मिठाई से दूरी बना रहे हैं, क्योंकि आजकल बड़ी संख्या में लोग डायबिटीज से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसी तर्क के आधार पर कहा कि चीनी की कीमत बढ़ने से लोगों पर ज्यादा असर नहीं पड़ना चाहिए।

चीनी की कीमतों पर मंत्री ने क्या कहा?

मीडिया से बातचीत के दौरान श्रवण कुमार से जब चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “ऐसे भी चीनी कम खा रहे हैं लोग। सबको आजकल बीमारी हो गया। मिठाई-ओठाई कौन खाता है आजकल? आजकल तो सब डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें नहीं लगता कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी से कोई खास फर्क पड़ने वाला है। मंत्री के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा होने लगी है। उनके बयान को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।

मठ-मंदिरों में चंदे को लेकर भी बोले श्रवण कुमार

श्रवण कुमार से मठ-मंदिरों में चंदे और राम मंदिर से जुड़े विवाद को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि मठ-मंदिरों से जुड़े जिन लोगों की जो जिम्मेदारी है, वे अपना काम कर रहे हैं। अगर कहीं से किसी तरह की शिकायत या गड़बड़ी की जानकारी सामने आती है तो सरकार उसकी समीक्षा करती है और जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने हिस्से का काम करती है और जो भी दोषी पाए जाते हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाती है।

वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस को घेरा

वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के बीच चल रही बहस पर भी मंत्री श्रवण कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम देश के सम्मान में गाया जाने वाला गीत है और इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, वे देश की जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं कर रहे हैं। श्रवण कुमार ने यह भी कहा कि सरकार को इस मामले में जरूरत पड़ने पर कानून बनाना चाहिए और देश की भावना के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।