Image: Abp News Image: Abp News

सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े काफी मजबूत नजर आ रहे हैं। ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर बनी चर्चा अब टिकट खिड़की पर भी दिखाई देने लगी है। सनी देओल की पिछली फिल्मों ‘गदर 2’, ‘जाट’ और ‘बॉर्डर 2’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और अब ‘बंटवारा 1947’ से भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। ऐसे में एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े फिल्म के लिए अच्छी शुरुआत के संकेत दे रहे हैं।

एडवांस बुकिंग में कितनी हुई कमाई?

सैकनिल्क के मुताबिक, बुधवार शाम करीब साढ़े 8 बजे तक ‘बंटवारा 1947’ के हिंदी 2डी फॉर्मेट के लिए 3,546 शो में 19,816 टिकटों की बिक्री हो चुकी थी। इन टिकटों से फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों के करीब 55.51 लाख रुपये का कलेक्शन किया है, जबकि ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर फिल्म की प्री-सेल कमाई करीब 1.60 करोड़ रुपये पहुंच गई है। इससे पहले बुधवार दोपहर 3 बजे तक फिल्म के 3,157 शो के लिए 13,186 टिकट बिक चुके थे। उस समय बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म की एडवांस बुकिंग से 43.81 लाख रुपये और ब्लॉक सीटों के साथ करीब 1.45 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। यानी कुछ ही घंटों में फिल्म की टिकट बिक्री में अच्छी तेजी देखने को मिली है।

1

स्टेट वाइज एडवांस बुकिंग कितनी रही?

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, स्टेट वाइज एडवांस बुकिंग में दिल्ली फिलहाल सबसे आगे है। दिल्ली में बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म ने करीब 12.54 लाख रुपये की प्री-सेल दर्ज की है। इसके बाद महाराष्ट्र का नंबर है, जहां करीब 8.69 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है। राजस्थान में फिल्म ने करीब 4.58 लाख रुपये की प्री-सेल दर्ज की है, जबकि गुजरात में यह आंकड़ा करीब 4.66 लाख रुपये है। वहीं उत्तर प्रदेश में फिल्म की एडवांस बिक्री से करीब 2.94 लाख रुपये की कमाई हुई है। फिल्म की रिलीज में अभी दो दिन बाकी हैं, इसलिए आने वाले समय में एडवांस बुकिंग में और तेजी आने की उम्मीद है।

14 अगस्त को रिलीज होगी ‘बंटवारा 1947’

‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। भारत के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी इस पीरियड ड्रामा फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होगा। अब देखने वाली बात होगी कि रिलीज से पहले मजबूत एडवांस बुकिंग के बाद ‘बंटवारा 1947’ सिनेमाघरों में कितनी बड़ी ओपनिंग दर्ज करती है और क्या यह फिल्म सनी देओल की पिछली सफल फिल्मों की तरह बॉक्स ऑफिस पर बड़ा असर छोड़ पाती है।