रेखा गुप्ता और प्रशांत किशोर | Source: Abp News

रेखा गुप्ता और प्रशांत किशोर Source : Abp News

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है। सोमवार (6 जुलाई 2026) को पार्टी ने उन्हें आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया। इसके साथ ही उन तमाम अटकलों पर भी विराम लग गया, जिनमें कहा जा रहा था कि महागठबंधन इस सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का समर्थन कर सकता है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद रेखा गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए जीत का भरोसा भी व्यक्त किया।

RJD ने दोबारा जताया भरोसा, रेखा गुप्ता ने जनता से मांगा समर्थन

उम्मीदवारी मिलने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताया है, जिसके लिए वह नेतृत्व की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में बांकीपुर की जनता ने उन्हें भरपूर प्यार और समर्थन दिया था और इस बार भी उन्हें पूरा विश्वास है कि मतदाता उनके साथ खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि वह जनता के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगी।

प्रशांत किशोर को बताया चुनौती नहीं, महागठबंधन की एकजुटता पर जताया भरोसा

रेखा गुप्ता ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है और कांग्रेस समेत सभी सहयोगी दल उनके साथ हैं। उन्होंने कहा, “जहां तक प्रशांत किशोर की बात है, उनकी पार्टी पिछली बार भी चुनाव मैदान में थी। हमें उनसे कोई चुनौती नहीं दिखती। हमारी जीत तय है।” रेखा गुप्ता ने दावा किया कि महागठबंधन की एकजुटता इस चुनाव में निर्णायक साबित होगी।

NDA नेताओं ने भी किया जीत का दावा

वहीं, एनडीए की ओर से भी जीत का भरोसा जताया गया। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार दो-तिहाई बहुमत से जीत दर्ज करेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के विकास कार्यों का लाभ चुनाव में मिलेगा और विपक्ष का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहेगा।

उधर, बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर जनता लगातार भरोसा जता रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर उपचुनाव में भी मतदाता विकास के पक्ष में मतदान करेंगे और एनडीए को जीत मिलेगी।