
हर साल कराएं ये 5 जरूरी जांच
क्या बिना किसी बीमारी के भी हर साल फुल बॉडी चेकअप कराना चाहिए? आजकल ज्यादातर लोग अपनी सेहत को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क हो गए हैं। थोड़ी परेशानी होने पर भी कई लोग हेल्थ चेकअप करा लेते हैं, जबकि कुछ लोग पूरी तरह स्वस्थ होने के बावजूद हर कुछ महीनों में फुल बॉडी चेकअप करवाते रहते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बार-बार पूरे बॉडी की जांच कराना जरूरी है? स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आप स्वस्थ हैं, तो हर 3 या 6 महीने में फुल बॉडी चेकअप कराने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, साल में एक बार कुछ जरूरी हेल्थ टेस्ट जरूर कराने चाहिए । इस से बीमारियों के शुरुआती दौर में ही पता चल सकता है । आइए जानते हैं कि हर व्यक्ति को साल में एक बार कौन से 5 जरूरी हेल्थ टेस्ट जरूर कराने चाहिए।
1.ब्लड प्रेशर, शुगर और CBC टेस्ट
डॉक्टरों का कहना है कि हर व्यक्ति को साल में कम से कम एक बार ब्लड प्रेशर जरूर चेक कराना चाहिए। कई बार लोगों को हाई ब्लड प्रेशर का कोई साफ लक्षण नहीं दिखता, लेकिन यह धीरे-धीरे दिल, किडनी और दिमाग को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा, फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट कराने से डायबिटीज या उसके शुरुआती संकेतों का समय रहते पता चल जाता है। वहीं, CBC (कम्प्लीट ब्लड काउंट) टेस्ट से शरीर में खून की कमी, संक्रमण और दूसरी कई स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी मिल सकती है।
2. लिवर, किडनी और विटामिन की जांच भी है जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, साल में एक बार हर व्यक्ति को लिवर, किडनी और थायरॉयड की जांच भी जरूर करानी चाहिए। इसके साथ ही हीमोग्लोबिन, विटामिन D और विटामिन B12 का टेस्ट भी कराना फायदेमंद होता है। इन जांचों से फैटी लिवर, किडनी से जुड़ी परिशनिया, थायरॉयड की गड़बड़ी, शरीर में खून की कमी और जरूरी विटामिन की कमी का वक़्त पर पता चल सकता है। खासकर शहरों में रहने वाले लोगों में विटामिन D और B12 की कमी काफी आम देखी जाती है, इसलिए इनकी जांच को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
3. एक्स रे और अल्ट्रासाउंड भी हैं जरूरी
ब्लड टेस्ट के साथ जरूरत पड़ने पर चेस्ट का एक्स-रे और पेट का अल्ट्रासाउंड भी कराया जा सकता है। इन जांचों से फैटी लिवर समेत पेट के कई हिस्सों की स्थिति का पता चलता है। अगर किसी बीमारी का शुरुआती दौर में पता चल जाए, तो इलाज आसान हो जाता है। वहीं, ज्यादा वजन, हाई ब्लड प्रेशर या डायबिटीज से जूझ रहे लोगों को डॉक्टर की मशवरे के मुताबिक जांच कराते रहना चाहिए।
4. दिल की जांच भी जरूरी है
बढ़ती उम्र के साथ दिल की सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी हो जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, जिन लोगों में दिल की बीमारी का खतरा ज्यादा है, उन्हें 40 साल की उम्र के बाद जरूरी हार्ट टेस्ट कराने चाहिए। वहीं, सामान्य जोखिम वाले लोग 50 साल की उम्र के बाद हर पांच साल में CT कोरोनरी एंजियोग्राफी और CT कैल्शियम स्कोर टेस्ट करा सकते हैं। इसके अलावा ECG, इकोकार्डियोग्राफी और स्ट्रेस टेस्ट से भी दिल से जुड़ी समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
5. महिलाओं के लिए ये जांच हैं जरूरी
महिलाओं को अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए कुछ जरूरी जांच वक़्त पर करानी चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक, सर्विक्स कैंसर की समय रहते पहचान के लिए हर तीन साल में पैप स्मीयर टेस्ट कराना अच्छा माना जाता है। वहीं, 40 साल की उम्र के बाद हर साल मैमोग्राफी कराने से ब्रेस्ट कैंसर का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा, जिन महिलाओं में हड्डियां कमजोर होने का खतरा ज्यादा हो, उन्हें 50 साल की उम्र के बाद DEXA बोन डेंसिटी स्कैन भी कराना चाहिए।
