इंस्पेक्टर का पिस्टल निकालते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल. | Source: Tv9 Bharatwarshइंस्पेक्टर का पिस्टल निकालते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल. Source : Tv9 Bharatwarsh

अलीगढ़: रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी को जारी नोटिस के विरोध में समाजवादी पार्टी ने अलीगढ़ जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब पुलिस ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सपा नेताओं ने सिविल लाइंस थाना प्रभारी पर पिस्टल तानने का आरोप लगाया है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं में हुई तीखी नोकझोंक

प्रदर्शन के दौरान कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। इसी दौरान सिविल लाइंस थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह और कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। सपा नेताओं का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने कार्यकर्ताओं को डराने के लिए पिस्टल निकालकर उनकी ओर तान दी। आरोप के बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर जमकर हंगामा किया और पुलिस अधिकारी का घेराव कर विरोध जताया। हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

सपा के अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों को मिला नोटिस

दरअसल, रामपुर जिला प्रशासन ने जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में बने 38 भवनों को कथित रूप से अवैध बताते हुए नोटिस जारी किया है। इसी कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।