ere | Source: ereपटना। बिहार में पुलिस प्रशासन के स्तर पर मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया गया। राज्य सरकार के गृह विभाग ने 18 आईपीएस अधिकारियों के साथ बिहार पुलिस सेवा के कई अधिकारियों और डीएसपी का तबादला करते हुए नई पोस्टिंग की अधिसूचना जारी की है। इस बदलाव में कई महत्वपूर्ण जिलों के पुलिस अधीक्षक भी बदल दिए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव सीवान, छपरा, रोहतास, भोजपुर और नालंदा जिले में देखने को मिला है।

सीवान एसपी पूरन झा हटाए गए, भारत सोनी को मिली जिम्मेदारी

सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा को एसपी पद से हटा दिया गया है। उन्हें पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया है और फिलहाल उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। उनकी जगह 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी भारत सोनी को सीवान का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

पूरन झा को हटाए जाने का घटनाक्रम पिछले महीने सीवान में हुए छात्र आंदोलन से जुड़े विवाद के बीच सामने आया है। उस दौरान पुलिस द्वारा एके-47 से फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही थी।

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधीक्षक के कहने पर छात्रों पर एके-47 से गोली चलाई गई थी। इसी मुद्दे को लेकर आरजेडी की ओर से लोकभवन मार्च का भी ऐलान किया गया था।

छपरा में विनीत कुमार की जगह रौशन कुमार

छपरा यानी सारण जिले में भी पुलिस नेतृत्व बदल दिया गया है। छपरा के मौजूदा वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को आतंकवाद निरोधक दस्ता यानी एटीएस में एसपी बनाया गया है। विनीत कुमार 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

उनकी जगह 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी रौशन कुमार को छपरा का नया वरीय पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इससे पहले रौशन कुमार रोहतास के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। अब उन्हें छपरा की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रोहतास में भी बदला पुलिस कप्तान

रौशन कुमार के छपरा स्थानांतरण के बाद रोहतास जिले में भी नए एसपी की तैनाती की गई है। भोजपुर के एसपी मिस्टर राज का तबादला रोहतास कर दिया गया है। उन्हें रोहतास का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

मिस्टर राज भी 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इस बदलाव के साथ भोजपुर और रोहतास दोनों जिलों के पुलिस नेतृत्व में परिवर्तन हुआ है।

भोजपुर को मिले अवधेश दीक्षित

भोजपुर जिले में आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित को नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनका तबादला बिहार पुलिस मुख्यालय से किया गया है। इससे पहले वह पुलिस मुख्यालय में एसपी (कार्मिक-1) के पद पर तैनात थे।

अवधेश दीक्षित और मिस्टर राज दोनों के तबादले के बाद भोजपुर और रोहतास जिले में पुलिस अधीक्षक स्तर पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

नालंदा की कमान अब हृदय कांत के हाथों

नालंदा जिले के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी का तबादला सीवान कर दिया गया है। उनके स्थान पर आईपीएस अधिकारी हृदय कांत को नालंदा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

हृदय कांत 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह आतंकवाद निरोधक दस्ता यानी एटीएस में तैनात थे। अब उन्हें नालंदा जिले की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की नई जिम्मेदारी

जिलों के एसपी बदलने के साथ बिहार पुलिस में कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की भी नई पोस्टिंग की गई है। तबादले के तहत अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों और विभागों में जिम्मेदारी दी गई है।

अनिल कुमार को डीआईजी, मद्य निषेध एवं एएनटीएफ बनाया गया है। मृत्युंजय कुमार को डीआईजी, नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। राजीव रंजन 2 को डीआईजी, विशेष निगरानी इकाई बनाया गया है।

अजय कुमार पांडेय को डीआईजी, वितंतु एवं तकनीकी सेवाएं, जबकि आमिर जावेद को डीआईजी, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जिम्मेदारी दी गई है। मिथिलेश कुमार को समादेष्टा, बीसैप-9 जमालपुर बनाया गया है।

सुशील कुमार को डीआईजी, मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। राजेश कुमार को एसपी एएनटीएफ, मद्य निषेध, राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा मनीष कुमार और रामानंद कौशल को एसपी, विशेष निगरानी इकाई बनाया गया है। गरिमा को एसपी (कमजोर वर्ग एवं महिला कोषांग), सीआईडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों का भी व्यापक तबादला

आईपीएस अधिकारियों के साथ बिहार पुलिस सेवा के कई अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इनमें एसपी, वरिष्ठ डीएसपी, डीएसपी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में अधिकारियों की नई पोस्टिंग भी निर्धारित की गई है।

शिब्बली नोमानी को एसपी, विशेष शाखा बनाया गया है। मुकुल कुमार रंजन को एसपी विधि व्यवस्था, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। उपेंद्र कुमार यादव को एसपी, मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो बनाया गया है।

चंद्र भूषण को वरिष्ठ डीएसपी, विशेष अपराध, सीआईडी और सुधीर कुमार को वरिष्ठ डीएसपी, विधि व्यवस्था शाखा, पुलिस मुख्यालय में तैनात किया गया है।

जाकिर हुसैन, राजन प्रसाद सिंह और अरुण कुमार अकेला को डीएसपी, विशेष निगरानी इकाई की जिम्मेदारी दी गई है। संजीव कुमार को डीएसपी, आर्थिक अपराध इकाई में भेजा गया है।

खगड़िया और साइबर अपराध इकाई में भी नई तैनाती

तबादला सूची में रमेश कुमार को एसडीपीओ-1, खगड़िया सदर बनाया गया है। वहीं नीतीश चंद्र धारिया को डीएसपी, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी दी गई है।

इस तरह बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों की नई तैनाती के साथ पुलिस मुख्यालय, विशेष निगरानी इकाई, आर्थिक अपराध इकाई, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी बदलाव हुआ है।

पांच प्रमुख जिलों में बदला पुलिस नेतृत्व

इस तबादले में बिहार के पांच महत्वपूर्ण जिलों के पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। सीवान में पूरन कुमार झा की जगह भारत सोनी, छपरा में विनीत कुमार की जगह रौशन कुमार, रोहतास में रौशन कुमार की जगह मिस्टर राज, भोजपुर में मिस्टर राज की जगह अवधेश दीक्षित और नालंदा में भारत सोनी की जगह हृदय कांत को नई जिम्मेदारी दी गई है।

बिहार पुलिस में हुए इस व्यापक फेरबदल के तहत जिला पुलिस से लेकर पुलिस मुख्यालय और विशेष इकाइयों तक कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। गृह विभाग की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना के बाद सभी संबंधित अधिकारियों की नई पोस्टिंग प्रभावी होगी।