खुशबु ख़ातून

अजमेर: सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती (रह.) की पावन दरगाह पर आयोजित 814वें सालाना उर्स के मौके पर कांग्रेस पार्टी की ओर से आस्था और सौहार्द का संदेश दिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी के माध्यम से अजमेर शरीफ दरगाह में चादर भिजवाई।

विज्ञापन

इस धार्मिक अवसर पर राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष श्री गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस विधायक दल (CLP) के नेता श्री टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के कई विधायक, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने दरगाह पर मत्था टेककर देश में अमन, शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ की।

चादर पेश करने के बाद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि अजमेर शरीफ की दरगाह हमेशा से आपसी प्रेम, इंसानियत और एकता का प्रतीक रही है। कांग्रेस पार्टी देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि उर्स का यह अवसर सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को जोड़ने का संदेश देता है।

वहीं, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि ख्वाजा साहब की दरगाह से हमेशा मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम पूरी दुनिया में गया है। आज के दौर में देश को इसी आपसी भाईचारे और सद्भाव की सबसे ज्यादा जरूरत है। कांग्रेस पार्टी ऐसे मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

CLP नेता टीकाराम जूली ने भी उर्स के मौके पर दुआ करते हुए कहा कि अजमेर शरीफ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का केंद्र है। यहां हर जाति, धर्म और वर्ग के लोग समान भाव से आते हैं और अमन-चैन की कामना करते हैं।

उर्स के दौरान दरगाह परिसर में देश-विदेश से आए जायरीन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सूफियाना कलाम, कव्वालियों और विशेष इबादतों के साथ पूरे माहौल में रूहानियत और शांति का एहसास देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने भी जायरीन से मुलाकात कर उर्स की मुबारकबाद दी।

अंत में दरगाह में चादर पेश कर देश में शांति, सद्भाव, लोकतंत्र की मजबूती और हर नागरिक की खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। कांग्रेस की इस पहल को सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।