देशभर में इन दिनों लाखों छात्र CUET UG 2026 की तैयारी में जुटे हुए हैं। कोई मॉक टेस्ट दे रहा था, कोई अंतिम समय में नोट्स दोहरा रहा था। 28 मई को परीक्षा देने वाले छात्र अपनी तैयारी के आखिरी दौर में थे, तभी एक बड़ा अपडेट सामने आया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 28 मई को होने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG) 2026 की दोनों शिफ्ट की परीक्षा स्थगित करने का ऐलान कर दिया। यह खबर सामने आते ही छात्रों के बीच चर्चा तेज हो गई। NTA ने अपने आधिकारिक नोटिस में कहा कि ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी की तारीख में बदलाव के बाद यह फैसला लिया गया है। पहले केंद्र सरकार के अवकाश कैलेंडर में बकरीद 27 मई को तय थी, लेकिन बाद में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने छुट्टी की तारीख बदलकर 28 मई कर दी। इसके बाद एजेंसी ने 24 मई को नोटिस जारी कर बताया कि 28 मई को होने वाली पहली और दूसरी दोनों शिफ्ट की परीक्षाएं अब तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित नहीं होंगी। बाकी दिनों की परीक्षाएं अपने पहले वाले शेड्यूल पर ही होंगी।
देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हो चुका है CUET
पिछले कुछ वर्षों में CUET UG देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हो चुका है। दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय , बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय समेत कई केंद्रीय विश्वविद्यालय इसी स्कोर के आधार पर दाखिला देते हैं। इसके अलावा कई राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालय भी CUET स्कोर स्वीकार करते हैं। इस साल करीब 15,68,866 छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। परीक्षा 11 मई से 31 मई 2026 तक CBT मोड में आयोजित की जा रही है।
छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी, अब नई तारीख का इंतजार
NTA ने छात्रों की सहायता के लिए 011-40759000 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इसके अलावा छात्र cuet-ug@nta.ac.in पर ईमेल के जरिए भी अपनी समस्या भेज सकते हैं।एजेंसी ने छात्रों से कहा है कि वे लगातार आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें, क्योंकि नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी अपडेट वहीं जारी किए जाएंगे।
छात्रों में खुशी की लहर, त्योहार के बीच तैयारी को मिला थोड़ा और समय
28 मई को जिन छात्रों की परीक्षा थी, उनके बीच इस फैसले को लेकर राहत की भावना भी देखने को मिली। बकरीद जैसे बड़े त्योहार के दिन परीक्षा होने को लेकर कई छात्र पहले से चर्चा कर रहे थे। परीक्षा स्थगित होने के बाद छात्रों को तैयारी के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय भी मिल गया। अब छात्रों की नजर NTA की अगली घोषणा पर है, जिसमें नई परीक्षा तिथि और आगे की प्रक्रिया साफ की जाएगी। फिलहाल 28 मई की परीक्षा देने वाले उम्मीदवार नई तारीख का इंतजार कर रहे हैं।
परीक्षा टलने से पहले उठी थी मांग, SIO ने NTA को भेजा था ज्ञापन
परीक्षा स्थगित होने से पहले इस मुद्दे पर चर्चा शुरू हो चुकी थी। स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (SIO) ने NTA को एक ज्ञापन भेजकर परीक्षा की तारीख बदलने की मांग की थी। संगठन का कहना था कि बकरीद के दिन परीक्षा होने से कई छात्रों को धार्मिक कार्यक्रमों, यात्रा और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने को लेकर चिंता थी। ज्ञापन में कहा गया था कि छात्रों और अभिभावकों की ओर से लगातार संदेश मिल रहे थे और परीक्षा की तारीख पर दोबारा विचार करने की मांग की जा रही थी। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा देखने को मिली।
