देश की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाज़ी देखने को मिल रही है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि देश में संस्थाओं के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और हालात ऐसे बन सकते हैं कि सरकार इमरजेंसी जैसी व्यवस्था लागू करने की कोशिश करे। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि मौजूदा राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।राहुल गांधी के इस बयान के बाद भारतीय राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। BJP ने उनके आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस नेता बिना सबूत के डर और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच एक बार फिर तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई है।
क्या बोले राहुल गांधी?
दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि देश की कई संस्थाओं के भीतर सरकार को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और सरकार दबाव में आने पर इमरजेंसी जैसी स्थिति पैदा कर सकती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मौजूदा सत्ता व्यवस्था पहले जैसी मजबूत नहीं दिखाई दे रही है।
BJP का तीखा पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर BJP ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि इमरजेंसी शब्द कांग्रेस को छोड़कर किसी और पर लागू नहीं होता, क्योंकि देश ने वास्तविक इमरजेंसी कांग्रेस शासन के दौरान देखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीतिक लाभ के लिए डर और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।वहीं BJP सांसद निशिकांत दुबे पहले भी राहुल गांधी को लीडर ऑफ प्रोपेगैंडा बता चुके हैं और उन पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगा चुके हैं।
क्यों बढ़ा विवाद?
राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से लगातार केंद्र सरकार, चुनावी प्रक्रिया और विभिन्न संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। ऐसे में इमरजेंसी जैसी स्थिति वाला उनका बयान राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील माना जा रहा है। BJP का कहना है कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम पैदा करना चाहता है, जबकि कांग्रेस का आरोप है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है।
