गर्मियों में कच्चे आम से अचार, चटनी और आम पना तो लगभग हर घर में बनता है, लेकिन कच्चे आम और आलू की सब्जी भी इस मौसम की एक बेहद स्वादिष्ट और पारंपरिक डिश है। कच्चे आम की खटास और आलू की नरमी का मेल इसे खास बनाता है। यही वजह है कि कई शेफ और फूड एक्सपर्ट्स इसे गर्मियों की बेहतरीन रेसिपी मानते हैं।

क्या है इस सब्जी की खासियत?

यह सब्जी खट्टे, मीठे और मसालेदार स्वाद का शानदार मिश्रण है। इसमें कच्चे आम की ताजगी, आलू का भरपूर स्वाद और गुड़ की हल्की मिठास मिलकर ऐसा फ्लेवर तैयार करती है जो रोटी, पराठे या पूरी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है।

सामग्री

3 मध्यम आकार के कच्चे आम,4 बड़े आलू,3 बड़े चम्मच सरसों का तेल,½ चम्मच जीरा,½ चम्मच सौंफ,½ चम्मच कलौंजी ½ चम्मच राई,4-5 मेथी दाने,अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट,½ कप दही,हल्दी पाउडर,लाल मिर्च पाउडर,धनिया पाउड,हींग,स्वादानुसार नमक,2-3 चम्मच गुड़

कैसे बनाएं?

सबसे पहले आलू और कच्चे आम को छीलकर बड़े टुकड़ों में काट लें। एक बाउल में दही, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और थोड़ा पानी मिलाकर मिश्रण तैयार करें।अब कढ़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें मेथी, जीरा, सौंफ, कलौंजी और राई डालकर तड़काएं। इसके बाद अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालें और कुछ सेकंड भून लें।अब आलू डालकर 7-8 मिनट तक पकाएं। फिर दही वाला मिश्रण मिलाकर मसालों को अच्छी तरह भूनें। जब मसाले से तेल अलग होने लगे तो कटे हुए कच्चे आम, थोड़ा पानी और गुड़ डाल दें। 5-6 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। आखिर में नमक मिलाएं और हरे धनिये से सजाकर परोसें।

किसके साथ खाएं?

कच्चे आम और आलू की यह सब्जी पूरी, पराठे, रोटी और सादे चावल के साथ बेहतरीन लगती है। गर्मियों के लंच या डिनर में यह रोज की सब्जियों से अलग और स्वादिष्ट विकल्प हो सकती है।