हवाई यात्रा आज सबसे तेज और सुविधाजनक सफर मानी जाती है, लेकिन एयरपोर्ट सिक्योरिटी से गुजरना कई यात्रियों के लिए अब भी उलझन भरा अनुभव होता है। खासकर तब, जब लोगों को यह साफ पता नहीं होता कि कौन-सी चीजें कैबिन बैग में ले जाना मना है। यही वजह है कि भारत के बड़े एयरपोर्ट्स, जैसे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत कई एयरपोर्ट्स पर हर दिन हजारों सामान सुरक्षा जांच के दौरान जब्त कर लिए जाते हैं। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) और एयरलाइन सेफ्टी गाइडलाइंस के मुताबिक कई ऐसी रोजमर्रा की चीजें हैं, जिन्हें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में हैंड बैगेज में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
नुकीली वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं
सबसे पहले बात उन चीजों की, जो देखने में आम लगती हैं लेकिन सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक मानी जाती हैं। चाकू, कैंची, स्क्रूड्राइवर, ब्लेड या किसी भी तरह की नुकीली वस्तु को कैबिन बैग में ले जाने की अनुमति नहीं होती। एयरपोर्ट सिक्योरिटी इन्हें तुरंत जब्त कर लेती है।
पावर बैंक को लेकर रहता है भ्रम
पावर बैंक को लेकर भी लोग अक्सर भ्रम में रहते हैं। ज्यादातर भारतीय एयरलाइंस पावर बैंक को केवल हैंड बैगेज में रखने की अनुमति देती हैं, लेकिन उनकी बैटरी क्षमता तय सीमा के भीतर होनी चाहिए। निर्धारित सीमा से अधिक क्षमता वाले पावर बैंक फ्लाइट से हटाए जा सकते हैं।
ज्वलनशील पदार्थों पर पूरी तरह प्रतिबंध
इसी तरह पेट्रोल, केरोसिन, लाइटर फ्लूड, पेंट थिनर या किसी भी तरह के ज्वलनशील पदार्थ फ्लाइट में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ट्रैकिंग या कैंपिंग पर जाने वाले कई यात्री गलती से स्टोव फ्यूल या कैंपिंग गैस साथ रख लेते हैं, जो एयर सेफ्टी नियमों के खिलाफ है।
स्पोर्ट्स इक्विपमेंट्स भी नहीं ले जा सकते
भारत में क्रिकेट बेहद लोकप्रिय है, लेकिन क्रिकेट बैट, हॉकी स्टिक, गोल्फ क्लब या अन्य स्पोर्ट्स इक्विपमेंट्स को भी कैबिन बैग में ले जाने की अनुमति नहीं मिलती। इन्हें चेक-इन बैगेज में ही भेजना पड़ता है।
नारियल भी बन सकता है परेशानी की वजह
सबसे हैरान करने वाली चीज नारियल है। धार्मिक यात्राओं से लौटने वाले कई लोग पूरा नारियल लेकर सफर करते हैं, लेकिन कई एयरलाइंस इसे हैंड बैगेज में रखने की अनुमति नहीं देतीं।
खिलौना बंदूकें भी हो सकती हैं जब्त
खिलौना बंदूकें या असली हथियार जैसी दिखने वाली प्लास्टिक पिस्टल भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बनती हैं। ऐसे खिलौने अक्सर बच्चों के बैग से निकाल लिए जाते हैं और जब्त कर लिए जाते हैं।
लिक्विड आइटम्स पर सख्त नियम
तरल पदार्थों को लेकर भी सख्त नियम लागू हैं। 100 मिलीलीटर से अधिक तरल पदार्थ, जैसे परफ्यूम, लोशन, चटनी, अचार या पानी की बोतल, कैबिन बैग में नहीं ले जाई जा सकती। एयरपोर्ट्स पर अक्सर लोग सिक्योरिटी चेक के दौरान इन्हें छोड़ते नजर आते हैं।
इन चीजों पर भी है प्रतिबंध
इसके अलावा पटाखे, स्पार्कलर, पेपर स्प्रे, टेजर, स्टन गन, ब्लीच, केमिकल क्लीनर और कुछ एरोसोल स्प्रे भी पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
यात्रा से पहले नियम जरूर जांचें
बढ़ती एयर ट्रैफिक के बीच यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे फ्लाइट से पहले हैंड बैगेज से जुड़े नियमों की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि एयरपोर्ट पर किसी तरह की परेशानी या देरी से बचा जा सके।
