गर्मियों की छुट्टियां आते ही लोग ऐसी जगहों की तलाश में निकल पड़ते हैं, जहां ना भीड़भाड़ हो, ना महंगे होटल का टेंशन और ना ही जेब खाली होने का डर। लेकिन शिमला-मनाली जैसे फेमस टूरिस्ट स्पॉट्स इन दिनों इतने भरे रहते हैं कि सुकून से ज्यादा ट्रैफिक और भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में दिल्ली के आसपास मौजूद कुछ खूबसूरत और बजट फ्रेंडली हिल स्टेशन तेजी से लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं। यहां सिर्फ 5 हजार रुपये के बजट में ठंडी हवाओं, हरियाली, पहाड़ों और सुकूनभरे माहौल का भरपूर मजा लिया जा सकता है। लैंसडाउन, धनोल्टी, मुक्तेश्वर, चकराता और कनोताल जैसी जगहें कम खर्च में शानदार समर ट्रिप के लिए परफेक्ट मानी जा रही हैं।
1.लैंसडाउन – शांति पसंद लोगों के लिए परफेक्ट जगह
उत्तराखंड का लैंसडाउन उन लोगों को बेहद पसंद आता है, जो शहर की भागदौड़ से दूर कुछ दिन सुकून में बिताना चाहते हैं। देवदार के जंगल, शांत सड़कें और ठंडी हवाएं यहां की खूबसूरती को और खास बना देती हैं। दिल्ली से यहां पहुंचने में लगभग 6 से 7 घंटे का समय लगता है। यहां बजट होटल और लोकल फूड आसानी से मिल जाता है, जिससे ट्रिप ज्यादा महंगी नहीं पड़ती।

2.धनोल्टी – मसूरी जैसी खूबसूरती, लेकिन कम भीड़
अगर आप मसूरी जैसी वादियों का मजा बिना भीड़ के लेना चाहते हैं, तो धनोल्टी शानदार विकल्प साबित हो सकता है। ऊंचे-ऊंचे पेड़, ठंडी हवा और इको पार्क यहां आने वालों को काफी पसंद आते हैं। परिवार या दोस्तों के साथ कम बजट में घूमने के लिए ये जगह तेजी से लोगों की पसंद बन रही है। यहां रहने और खाने का खर्च भी काफी कंट्रोल में रहता है।
3.मुक्तेश्वर – बादलों और पहाड़ों के बीच सुकून का एहसास
मुक्तेश्वर अपनी शांत वादियों और हिमालय के खूबसूरत नजारों के लिए जाना जाता है। यहां पहुंचकर ऐसा महसूस होता है जैसे आप बादलों के बीच आ गए हों। प्रकृति के करीब समय बिताने वालों के लिए ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां छोटे कैफे, होमस्टे और बजट होटल आसानी से मिल जाते हैं, जिससे ट्रिप जेब पर भारी नहीं पड़ती।

4.चकराता – एडवेंचर और नेचर का शानदार कॉम्बिनेशन
अगर आपको ट्रैकिंग, झरने और एडवेंचर पसंद हैं, तो चकराता आपके लिए बेस्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। दिल्ली से करीब 8 घंटे की दूरी पर स्थित ये हिल स्टेशन अभी भी ज्यादा कमर्शियल नहीं हुआ है, इसलिए यहां की प्राकृतिक खूबसूरती बरकरार है। यहां की हरियाली और शांत माहौल शहर की गर्मी और तनाव दोनों से राहत देता है।

5.कनोताल – छोटी जगह लेकिन बेहद खूबसूरत
मसूरी के पास स्थित कनोताल एक छोटा लेकिन बेहद आकर्षक हिल स्टेशन है। यहां का शांत माहौल, हरियाली और ठंडी हवाएं लोगों को खूब पसंद आती हैं। वीकेंड ट्रिप के लिए ये जगह परफेक्ट मानी जाती है। कम बजट में यहां अच्छे होटल और कैंप स्टे मिल जाते हैं, जिससे ट्रिप और भी मजेदार बन जाती है।

कम खर्च में ऐसे प्लान करें शानदार ट्रिप
अगर आप इन जगहों पर कम बजट में घूमना चाहते हैं, तो बस या शेयर टैक्सी का इस्तेमाल करना अच्छा विकल्प हो सकता है। होटल की जगह होमस्टे बुक करने से भी काफी पैसे बचाए जा सकते हैं। वहीं वीकडेज या ऑफ सीजन में ट्रिप प्लान करने पर कम दाम में बेहतर सुविधाएं मिल जाती हैं। सही प्लानिंग के साथ 5 हजार रुपये में भी शानदार समर वेकेशन का मजा लिया जा सकता है।
