उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग इन दिनों पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। लेकिन मनाली, शिमला, मसूरी और नैनीताल जैसे मशहूर हिल स्टेशनों पर पर्यटकों की भारी भीड़ अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती दिख रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई जगहों पर सड़कें वाहनों से पूरी तरह भर गईं और गाड़ियां घंटों तक रेंगती नजर आईं।

मनाली में घंटों जाम में फंसे पर्यटक

हिमाचल प्रदेश के मनाली में वीकेंड और छुट्टियों के चलते पर्यटन सीजन चरम पर पहुंच गया। रविवार सुबह से ही चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे, मनाली शहर, अटल टनल मार्ग, माल रोड, वशिष्ठ, पलचान और सोलंगनाला इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगहों पर लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अटल टनल और सोलंगनाला मार्ग पर सबसे ज्यादा दबाव

सबसे ज्यादा दबाव मनाली से सोलंगनाला और अटल टनल जाने वाले रास्तों पर देखने को मिला। पलचान से सोलंग तक पर्यटक वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। ट्रैफिक इतना ज्यादा था कि वाहन बेहद धीमी गति से आगे बढ़ते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन सड़क और पार्किंग व्यवस्था उसी हिसाब से विकसित नहीं हो सकी।

माल रोड और बस स्टैंड के आसपास बिगड़े हालात

मनाली शहर के भीतर भी हालात काफी खराब रहे। माल रोड और बस स्टैंड के आसपास भारी भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग की वजह से कई बार ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस और प्रशासन को यातायात नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि स्थिति को संभाला जा सके।

नैनीताल और कैची धाम में भी लगा लंबा जाम

उधर उत्तराखंड के नैनीताल और कैची धाम में भी इसी तरह की तस्वीरें देखने को मिलीं। वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से कैंची धाम से निगलाट तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करना चाहिए।