
जब बात भारत के सबसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली बिजनेस घरानों की होती है, तो बिड़ला परिवार का नाम सबसे पहले लिया जाता है। आदित्य बिड़ला समूह आज दुनिया के कई देशों में फैला हुआ एक बड़ा औद्योगिक साम्राज्य बन चुका है। इस समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला हैं, जिन्होंने अपने नेतृत्व में कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वहीं उनकी बेटी अनन्या बिड़ला अब नई पीढ़ी की सफल बिजनेसवुमन, पॉप सिंगर और सोशल आइकन के तौर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। अरबों की संपत्ति वाले परिवार में जन्म लेने के बावजूद अनन्या ने सिर्फ पारिवारिक पहचान पर निर्भर रहने के बजाय अपनी मेहनत और टैलेंट से खुद का मुकाम बनाया है। लग्जरी लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल म्यूजिक करियर, करोड़ों के बिजनेस और सोशल वर्क की वजह से वह लगातार चर्चा में बनी रहती हैं।

विदेश में पढ़ाई, लेकिन संगीत के लिए छोड़ दी यूनिवर्सिटी
अनन्या बिड़ला की शुरुआती पढ़ाई मुंबई में हुई, जहां बचपन से ही उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ संगीत में भी काफी रुचि थी। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में अर्थशास्त्र और प्रबंधन विषय में दाखिला लिया। हालांकि कॉलेज के दिनों में ही उन्हें यह एहसास हो गया था कि उनका असली जुनून संगीत की दुनिया में है। यही वजह रही कि उन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़कर अपने सपनों का पीछा करने का फैसला किया।

अनन्या ने इंटरनेशनल पॉप म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और बहुत कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली। उनका अंग्रेजी गाना मेन्ट टू बी भारत का पहला ऐसा अंग्रेजी सिंगल बना, जिसे प्लैटिनम सर्टिफिकेट मिला। इसके अलावा उन्होंने मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान के साथ हिंदुस्तानी वे प्रोजेक्ट पर भी काम किया। उनके कई गाने ग्लोबल म्यूजिक चार्ट्स में शामिल हुए और विदेशों में भी उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। हालांकि अब वह म्यूजिक के साथ-साथ अपने बिजनेस साम्राज्य को आगे बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।

करोड़ों के प्राइवेट जेट और लग्जरी कारों की शौकीन
अनन्या बिड़ला की सोशल मीडिया प्रोफाइल उनकी बेहद आलीशान जिंदगी की झलक दिखाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बिड़ला परिवार के पास गल्फस्ट्रीम जी-550 प्राइवेट जेट है, जिसकी कीमत करीब 462 करोड़ रुपये बताई जाती है। यह प्राइवेट जेट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इसके अंदर की लग्जरी किसी फाइव स्टार होटल से कम नहीं मानी जाती। इसके अलावा परिवार के पास सेसना साइटेशन जैसे निजी विमान भी मौजूद हैं।

अनन्या अक्सर बिजनेस मीटिंग्स, अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और छुट्टियों के लिए प्राइवेट जेट का इस्तेमाल करती हैं। वहीं अगर उनके लग्जरी कार कलेक्शन की बात करें तो इसमें लेम्बॉर्गिनी ह्यूराकैन, पोर्शे 718 बॉक्सस्टर स्पाइडर, पोर्शे केयेन, मर्सिडीज मेबैक एस-560, रेंज रोवर वोग और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी और लग्जरी कारें शामिल हैं। उनकी कारों और विदेश यात्राओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल होती रहती हैं।

कम उम्र में शुरू किया करोड़ों का बिजनेस
जहां ज्यादातर युवा 17 साल की उम्र में अपने करियर के बारे में सोचते हैं, वहीं अनन्या ने इतनी कम उम्र में अपना बिजनेस शुरू कर दिया था। उन्होंने ‘स्वतंत्र माइक्रोफिन’ नाम की कंपनी की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को छोटे लोन देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उनकी यह कंपनी आज देश के कई राज्यों में काम कर रही है और हजारों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रही है।

इसके अलावा अनन्या ने लग्जरी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और ब्यूटी एवं पर्सनल केयर सेक्टर में भी कदम रखा। उन्होंने बिरला कॉस्मेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड की शुरुआत कर अपने बिजनेस पोर्टफोलियो को और मजबूत किया। बिजनेस की दुनिया में उनकी सफलता की वजह से उन्हें देश की सबसे प्रभावशाली युवा महिला उद्यमियों में गिना जाता है।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी चला रहीं जागरूकता अभियान
अनन्या बिड़ला सिर्फ बिजनेस और ग्लैमर की दुनिया तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखती हैं। उन्होंने अपनी मां के साथ मिलकर एमपावर नाम की पहल शुरू की, जो मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने और लोगों को सहायता उपलब्ध कराने का काम करती है। यह संस्था युवाओं और जरूरतमंद लोगों को काउंसलिंग और थेरेपी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराती है।
अनन्या कई मंचों पर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात करती नजर आती हैं। उनका मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर चर्चा होना बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके इस काम की काफी सराहना करते हैं और उन्हें एक जागरूक युवा आइकन के तौर पर देखते हैं।

बिड़ला परिवार की नई पीढ़ी का चर्चित चेहरा
अनन्या बिड़ला को आज बिड़ला परिवार की नई पीढ़ी का सबसे चर्चित चेहरा माना जाता है। परिवार की पहली पीढ़ी सेठ शिव नारायण बिड़ला से शुरू हुआ यह औद्योगिक सफर बलदेव दास बिड़ला और घनश्याम दास बिड़ला तक पहुंचा। इसके बाद कुमार मंगलम बिड़ला ने इस बिजनेस साम्राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अब अगली पीढ़ी में अनन्या बिड़ला, आर्यमन विक्रम बिड़ला और अद्वैतेशा बिड़ला का नाम प्रमुख रूप से लिया जाता है।
