राजनीति से ज्यादा अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है वायनाड
वायनाड इन दिनों चुनावी चर्चाओं की वजह से सुर्खियों में जरूर है, लेकिन असल में यह जगह अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र के रूप में चर्चित यह इलाका केरल की हरियाली, पहाड़ों और शांत वातावरण का बेहतरीन उदाहरण माना जाता है। यहां बादलों से ढके पहाड़, घने जंगल, झरने, झीलें और कॉफी के बागान मिलकर ऐसा नजारा बनाते हैं, जो किसी फिल्मी लोकेशन जैसा महसूस होता है। यही वजह है कि वायनाड को “गॉड्स ओन कंट्री” का सबसे शांत और खूबसूरत हिस्सा भी कहा जाता है।
गुफाओं से लेकर झरनों तक, हर मोड़ पर मिलेगा नया नजारा
वायनाड घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए यहां कई शानदार जगहें मौजूद हैं। एडक्कल गुफाएं अपनी प्राचीन नक्काशी और ऐतिहासिक शिलालेखों के लिए प्रसिद्ध हैं, जहां पहुंचने के लिए ट्रैकिंग करनी पड़ती है। वहीं पुकोट झील चारों तरफ जंगल और पहाड़ों से घिरी हुई है, जहां बोटिंग का अलग ही अनुभव मिलता है। एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए मीनमुट्टी वॉटरफॉल किसी जन्नत से कम नहीं, क्योंकि यहां जंगलों के बीच ट्रैकिंग करते हुए विशाल झरने तक पहुंचना अपने आप में रोमांचक अनुभव माना जाता है।
बांध, जंगल सफारी और कॉफी की खुशबू बनाती है सफर खास
बाणासुर सागर बांध वायनाड की सबसे चर्चित जगहों में से एक है। यह देश का सबसे बड़ा मिट्टी से बना बांध माना जाता है, जहां स्पीड बोटिंग औरड़ों के बीच बने छोटे-छोटे द्वीप पर्यटकों को बेहद आकर्षित करते हैं। वहीं मुथंगा वन्यजीव अभयारण्य वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास जगह है। यहां जंगल सफारी के दौरान हाथी, हिरण और कई दुर्लभ जानवर देखने को मिल जाते हैं। इसके अलावा वायनाड की कॉफी, इलायची और काली मिर्च की खेती पूरे इलाके को खुशबू और हरियाली से भर देती है।
कितना आता है वायनाड घूमने का खर्च?
अगर आप तीन दिन और तीन रात का ट्रिप प्लान करते हैं, तो वायनाड एक मिड-बजट डेस्टिनेशन माना जा सकता है। यहां सामान्य होटल लगभग 1500 रुपये से शुरू हो जाते हैं, जबकि अच्छे रिसॉर्ट और होटल के लिए 2500 से 3000 रुपये प्रति रात तक खर्च करना पड़ सकता है। खाने-पीने का खर्च प्रति व्यक्ति करीब 600 से 1000 रुपये रोजाना तक आता है। अगर आप ट्रेन से यात्रा करते हैं, तो पूरा ट्रिप लगभग 18 से 20 हजार रुपये में हो सकता है, जबकि फ्लाइट से जाने पर खर्च 30 से 35 हजार रुपये तक पहुंच सकता है। दिल्ली या दूसरे बड़े शहरों से आने वाले यात्रियों को पहले कालीकट पहुंचना पड़ता है, जहां से बस या कैब के जरिए वायनाड जाया जाता है।
