आरक्षण पर दशकों पुरानी बहस को सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी ने फिर हवा दे दी है. OBC क्रीमी लेयर मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा - "अगर माता-पिता IAS जैसे टॉप पद पर हैं, तो क्या उनके बच्चों को भी आरक्षण मिलना चाहिए?"
ये सवाल सिर्फ कानूनी नहीं है। ये उस लकीर पर चोट है जो 'सामाजिक पिछड़ेपन' और 'सामाजिक-आर्थिक ताकत' के बीच खींची गई थी।
कोर्ट ने क्या कहा: असली मकसद पर सवाल
सुनवाई के दौरान बेंच ने सख्त लहजे में कहा कि आरक्षण का मकसद उन लोगों को मेनस्ट्रीम में लाना है जो आज भी सामाजिक और शैक्षणिक तौर पर पीछे हैं।
कोर्ट का सीधा सवाल: जब एक परिवार सत्ता, शिक्षा और आर्थिक मजबूती हासिल कर चुका है, तो क्या अगली पीढ़ी को भी वही 'विशेष सुविधा' मिलती रहनी चाहिए?
क्रीमी लेयर: आइडिया vs हकीकत
OBC आरक्षण में क्रीमी लेयर का कॉन्सेप्ट इसलिए लाया गया था ताकि फायदा सबसे जरूरतमंद तबके तक पहुंचे।
आरोप क्या है: समय के साथ रसूखदार और संपन्न परिवार बार-बार आरक्षण का लाभ ले रहे हैं. वहीं, बेहद गरीब और ग्रामीण OBC परिवार अब भी दौड़ से बाहर हैं।
कोर्ट ने इसी असमानता पर उंगली उठाई - क्या आरक्षण 'समान अवसर' का टूल बचा है या कुछ परिवारों का 'विशेषाधिकार' बन गया है?
दो धड़े, दो तर्क: बहस गरमाई
कोर्ट की टिप्पणी के बाद सियासी और सामाजिक गलियारों में हलचल तेज है।
1. समर्थन में तर्क: कई एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ये सामाजिक न्याय की दिशा में जरूरी सवाल है. जब परिवार सिस्टम का हिस्सा बन चुका, तो बच्चों को 'पिछड़ा' मानना तर्कसंगत नहीं।
2. विरोध में तर्क: कई OBC संगठन कहते हैं कि सिर्फ माता-पिता की नौकरी से जातिगत भेदभाव खत्म नहीं होता. ऊंचे पदों पर पहुंचने के बाद भी OBC परिवारों को सामाजिक असमानता झेलनी पड़ती है, पहचान सिर्फ आर्थिक नहीं होती।
आगे क्या: नीति की समीक्षा की आहट?
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ये मामला आरक्षण नीति के बड़े पुनर्मूल्यांकन की शुरुआत हो सकता है। देश में जातिगत जनगणना, आर्थिक आधार पर आरक्षण और प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दे पहले से गर्म हैं।
आरक्षण का असली हकदार कौन है- जाति, आर्थिक हालत या दोनों?
सुप्रीम कोर्ट का रुख अभी साफ नहीं है, पर इतना तय है कि एक टिप्पणी ने आरक्षण, समानता और सामाजिक न्याय की बहस को फिर जिंदा कर दिया है. अब सबकी नजर कोर्ट के अगले कदम पर है।
