नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपनाने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके अचानक शांत पड़ गए हैं। कभी दिन में कई बार ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेने वाले दीपके पिछले पांच दिनों से सोशल मीडिया पर पूरी तरह खामोश हैं। इतना ही नहीं, पिछले आठ दिनों से उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त का नाम तक नहीं लिया है। जिस नेता ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था, उसकी अचानक बदली सक्रियता ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने कुछ समय पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़ा अभियान शुरू किया था। पार्टी ने अपना स्कूल ठीक करो अभियान बीच में ही रोक दिया और साफ कर दिया था कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर लगातार सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर आवाज उठाई थी। लेकिन अब आंदोलन की रफ्तार थम गई है और पार्टी की ओर से आगे की रणनीति को लेकर भी कोई स्पष्ट घोषणा सामने नहीं आई है।

सीजेपी इससे पहले नीट पेपर लीक के मुद्दे पर भी आंदोलन कर चुकी है। पार्टी ने दावा किया था कि उसके आंदोलन के चलते केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफे का दबाव बना। इसी सक्रियता के बाद जब पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अभियान शुरू किया तो राजनीतिक हलकों में इसकी काफी चर्चा हुई। हालांकि, दिल्ली पुलिस की सख्ती और कानूनी परेशानियों के बीच अभिजीत दीपके ने आंदोलन को दिवाली तक स्थगित करने का ऐलान कर दिया था।

9 नवंबर के बाद ज्ञानेश कुमार पर चुप्पी

अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर आखिरी बार 9 नवंबर को ज्ञानेश कुमार का उल्लेख किया था। हालांकि, उस पोस्ट में भी उनका मुख्य निशाना महाराष्ट्र की भाजपा सरकार थी। महाराष्ट्र की गोकुल डेयरी के चुनाव में महायुति के पिछड़ने के बावजूद सत्ता पर काबिज होने के तरीके पर सवाल उठाते हुए दीपके ने टिप्पणी की थी कि जब एक डेयरी सहकारी संस्था में बहुमत हासिल करने के लिए इतनी कोशिश की जा रही है, तो राज्य के चुनावों में ज्ञानेश कुमार की मदद से क्या किया जा सकता है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

इससे पहले 7 नवंबर को दीपके ने केरलम में ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में एक रैली भी की थी। उस समय तक वह इस मुद्दे पर लगातार सक्रिय नजर आ रहे थे। लेकिन इसके बाद उनके बयानों और सोशल मीडिया गतिविधियों में अचानक कमी आ गई।

दिवाली के नाम पर रुका आंदोलन, छठ के बाद भी नहीं हुई वापसी

दीपके ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे आंदोलन को दिवाली तक रोकने की घोषणा की थी। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा था कि आंदोलन में शामिल लोग लंबे समय से अपने परिवारों से दूर हैं। त्योहार के मौके पर सभी को घर लौटकर परिवार के साथ समय बिताना चाहिए। यह फैसला सीजेपी नेताओं सौरभ दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी तथा जेल जाने के घटनाक्रम के बाद सामने आया था।

हालांकि, दिवाली और छठ का त्योहार बीत जाने के बाद भी आंदोलन दोबारा शुरू नहीं हुआ है। पार्टी की ओर से न तो किसी नए कार्यक्रम की घोषणा की गई है और न ही विरोध प्रदर्शन की अगली तारीख बताई गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सीजेपी का अगला कदम क्या होगा और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुरू किया गया अभियान फिर से किस रूप में सामने आएगा।

नई रणनीति का संकेत, लेकिन घोषणा का इंतजार

सीजेपी के नेताओं ने पहले संकेत दिए थे कि आगामी आंदोलन की रूपरेखा पहले से अलग हो सकती है। पार्टी के भीतर आगे की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श भी हुआ था, लेकिन अब तक इसका कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। दूसरी ओर, अभिजीत दीपके की लगातार बनी हुई चुप्पी ने इस अभियान के भविष्य को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ज्ञानेश कुमार को टारगेट नंबर-1 बताकर इस्तीफे तक संघर्ष जारी रखने का दावा करने वाली सीजेपी आखिर अचानक शांत क्यों हो गई है? क्या पार्टी किसी नई रणनीति पर काम कर रही है या फिर कानूनी और अन्य चुनौतियों के कारण आंदोलन की रफ्तार थम गई है? इन सवालों का जवाब अब अभिजीत दीपके और उनकी पार्टी की अगली घोषणा से ही मिल सकेगा।