1लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में पीडीए को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए में ‘पी’ का मतलब पाकिस्तान बताए जाने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि ‘पी का मतलब पाकिस्तान, बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान’। सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी पीडीए से घबराई हुई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पीडीए का नया अर्थ ‘प्रेम, दया और अपनापन’ बताते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार बननी चाहिए जो इन्हीं मूल्यों के साथ काम करे। अखिलेश यादव ने इस दौरान महंगाई, शिक्षा, गरीबों, किसानों, दिव्यांगों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

महंगाई और गरीबों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो प्राथमिक स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर करने पर काम किया जाएगा। उन्होंने महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम जरूरत की लगभग हर चीज महंगी हो गई है। उन्होंने पेट्रोल में एथनॉल मिलाने और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने सरकार से पूछा कि जब राज्य में करीब 15 करोड़ लोगों को गरीब माना जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है, तो सरकार को यह बताना चाहिए कि इन लोगों की प्रति व्यक्ति आय कितनी है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं और कहा कि सपा किसी को छोड़कर नहीं जाती, बल्कि लोग सपा को छोड़कर जाते हैं।

जलभराव, बुलेट प्रूफ जैकेट और डेयरी पॉलिसी पर भी बोले अखिलेश

अखिलेश यादव ने प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों पर भारी रकम खर्च किए जाने के बावजूद शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बुलेट प्रूफ जैकेट को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि अभी तक उन्हें ऐसी जैकेट नहीं मिली है और उन्हें इसकी जरूरत भी नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर डेयरी क्षेत्र के लिए ऐसी नीति लाई जाएगी, जिससे पशुपालन और डेयरी का कारोबार करने वाले लोगों को लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी के सहयोगी दलों को सीटों के बंटवारे में उचित सम्मान देने की बात कही और कहा कि ऐसा नहीं किया गया तो यह अजीत सिंह और चौधरी चरण सिंह जैसे नेताओं का अपमान होगा।

दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र और इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर का वादा

अखिलेश यादव ने दिव्यांगों के मुद्दे पर भी अपनी पार्टी की योजनाओं का जिक्र किया। दिव्यांग प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दिव्यांगजनों को सम्मान देने के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा और जरूरतमंद दिव्यांग साथियों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बीजेपी पर समाजवादी पार्टी की घोषणाओं की नकल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सपा ने 40 हजार रुपये देने का ऐलान किया था, तब बीजेपी ने इसे हवाई घोषणा बताया था, लेकिन अब 50 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है। उन्होंने महाराष्ट्र और बिहार में योजनाओं के लाभार्थियों के नाम हटाए जाने का भी आरोप लगाया। वहीं, गौमूत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि उनके पार्टी कार्यालय में 200 लीटर रखा हुआ है और सवाल किया कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा।