Tबुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पतंग निकालने के दौरान हुआ एक हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पहले 65 वर्षीय दादा की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे 12 वर्षीय पोते ने इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।


कैसे हुआ हादसा?

यह घटना खुर्जा नगर के मोहल्ला बुर्ज उस्मान की है। शुक्रवार को 12 वर्षीय अहद अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग पास के बिजली के पोल के तारों में फंस गई। पतंग निकालने के लिए वह लोहे की रॉड लेकर पोल के पास पहुंचा, जहां वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।


पोते को बचाने पहुंचे दादा भी करंट की चपेट में आए

अहद को तड़पता देख उसके 65 वर्षीय दादा इसरार उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन इस कोशिश में वह भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। परिजन दोनों को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इसरार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अहद को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।


T


परिवार में पसरा मातम

दादा और पोते की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शनिवार को जब अहद का शव घर पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मौजूदगी में दादा और पोते को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।


हरदोई में करंट लगने से महिला की भी मौत

उधर, उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के नस्यौली गोपार गांव में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। बताया गया कि महिला सबीना घर में पोछा लगा रही थीं। इसी दौरान फर्राटा पंखे में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं।


मां को बचाने गया बेटा भी झटके का शिकार

महिला का बड़ा बेटा साहिल जब घर पहुंचा तो उसने अपनी मां को पंखे के पास गिरा देखा। जैसे ही उसने उन्हें उठाने की कोशिश की, उसे भी करंट का झटका लगा। बाद में परिजनों ने सूखी लकड़ी की मदद से महिला को अलग किया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।