Source: NDTV

Source: NDTV

लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद उत्तर प्रदेश के आठ बड़े एक्सप्रेसवे और हाईवे प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अहम बैठक में इन परियोजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे, आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे, मथुरा-बरेली-सितारगंज फोरलेन, आगरा-अलीगढ़ हाईवे, कानपुर रिंग रोड और नोएडा एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेसवे समेत कई बड़ी योजनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा अयोध्या रिंग रोड, राम वन गमन मार्ग और राम जानकी मार्ग जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी बात हुई।

1.23 लाख करोड़ की सड़क योजनाएं

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये की आठ बड़ी सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनमें गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे भी शामिल है। इसके अलावा 7 हजार करोड़ रुपये के बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे का टेंडर जारी हो चुका है, जबकि 11 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले कानपुर-भोपाल सिक्स लेन हाईवे को मंजूरी मिल गई है।

सरकार ने 4600 करोड़ रुपये के आगरा-ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को भी मंजूरी दे दी है। इसके बनने के बाद आगरा और ग्वालियर के बीच की दूरी करीब डेढ़ घंटे में तय की जा सकेगी। वहीं, ग्वालियर से दिल्ली पहुंचने में लगने वाला समय सात घंटे से घटकर सिर्फ चार घंटे रह जाएगा। गडकरी ने कहा कि कुछ साल पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय हाईवे बनाने का वादा किया था। अब राज्य में तेजी से ऐसी सड़कें तैयार की जा रही हैं, जो सुविधाओं के मामले में दुनिया के बड़े देशों के हाईवे जैसी होंगी।

यूपी में सड़क नेटवर्क को मिलेगी नई रफ्तार, कई शहरों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

कानपुर-कबरई एक्सप्रेसवे: करीब 7145 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे कानपुर को महोबा जिले के कबरई से जोड़ेगा। इसके बनने से बुंदेलखंड क्षेत्र तक सफर आसान होगा।

कानपुर रिंग रोड और कानपुर भोपाल कॉरिडोर: लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत कानपुर रिंग रोड और कानपुर भोपाल एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा।

मथुरा बरेली सितारगंज फोरलेन: 13,980 करोड़ रुपये की लागत वाली इस सड़क परियोजना से मथुरा और बरेली की सीधी कनेक्टिविटी उत्तराखंड के सितारगंज से हो जाएगी।

आगरा अलीगढ़ फोरलेन हाईवे: करीब 5904 करोड़ रुपये खर्च कर आगरा और अलीगढ़ के बीच मौजूद हाईवे को और बेहतर बनाया जा रहा है।

शामली गोरखपुर एक्सप्रेसवे: 742 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के बीच सफर तेज और सुविधाजनक होगा।

गाजीपुर बलिया बिहार सीमा कॉरिडोर: इस परियोजना के तहत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को गाजीपुर से आगे बढ़ाकर बलिया के रास्ते बिहार सीमा के मांझीघाट तक पहुंचाया जाएगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेसवे: जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए छह लेन की नई सड़क बनाई जाएगी।

वाराणसी कोलकाता हाईवे समेत कई सड़कों पर काम शुरू

उत्तर प्रदेश में कई बड़े हाईवे और एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। इनमें 22 हजार करोड़ रुपये का वाराणसी-कोलकाता हाईवे, अलीगढ़-मथुरा हाईवे और गाजीपुर-बलिया फोरलेन हाईवे शामिल हैं। गोरखपुर-शामली और गोरखपुर सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा मथुरा-हाथरस, मुरादाबाद-ठाकुरद्वारा, शाहजहांपुर-हरदोई, बरेली-पीलीभीत-सितारगंज, अलीगढ़-पलवल और सोनौली-गोरखपुर हाईवे परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इन सड़कों के बनने से लोगों का सफर आसान होगा और कई शहरों के बीच बेहतर संपर्क बनेगा।