मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिन प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश हो सकती है. (Kisan Tak) Source : Abp News
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि 26 जुलाई तक बारिश की रफ्तार सामान्य रह सकती है, लेकिन इसके बाद मानसून फिर जोर पकड़ सकता है और कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
आगरा से वाराणसी तक आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 23 जुलाई को आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, संत कबीर नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर समेत 17 जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि इन जिलों के लिए फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जालौन, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, झांसी, महोबा और ललितपुर सहित कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
26 जुलाई के बाद तेज होगा मानसून
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 26 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और मौसम सुहावना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 27 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों और पूर्वांचल के कई हिस्सों में तेज से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 28 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
