
Source: Pinterest
देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौनसून दोबारा रफ्तार पकड़ रहा है,जिसके चलते अब कई राज्यों में तेज बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले हफ्ते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी खूब बारिश होने की उम्मीद है। दूसरी तरफ, दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है। IMD के मुताबिक, 13 जुलाई को देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं कि कल का मौसम कैसा रहेगा।
दिल्ली एनसीआर में कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली एनसीआर में कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद अब मौसम थोड़ा शांत नजर आ रहा है। पिछले दो दिनों से कहीं भी तेज बारिश नहीं हुई है। बादल आसमान में दिख रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जुलाई को भी मौसम का यही हाल रहने वाला है। दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में पारा 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। पूरे दिन आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग का कहना है कि सुबह के समय हवा में नमी करीब 80 प्रतिशत और शाम तक 65 प्रतिशत रह सकती है। इसी वजह से लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
बिहार झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश का खतरा
देश के पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों में इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 16 जुलाई तक और ओडिशा में 15 जुलाई तक लगातार बारिश का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बरसेंगे बादल
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग का कहना है कि असम और मेघालय के कुछ इलाकों में 13 और 14 जुलाई को बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं, मेघालय में 12 जुलाई को भी कई जगहों पर जोरदार बारिश होने के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यूपी हरियाणा से लेकर केरल तमिलनाडु तक बारिश का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जुलाई को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का यह दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में मॉनसून की रफ्तार धीमी रह सकती है। हालांकि, 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
उधर, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों में 16 जुलाई तक मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम अधिकतर शुष्क बना रह सकता है। इसके अलावा तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप के कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
