तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की भतीजी और पूर्व केंद्रीय मंत्री एमके अलागिरी की बेटी कयालविझी एक कथित मारपीट की घटना को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक सीसीटीवी वीडियो में उन्हें भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शाखा प्रबंधक के साथ बहस के दौरान कथित तौर पर थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना चेन्नई के अडयार इलाके में स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में हुई, जहां एसबीआई की शाखा संचालित होती है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की लिफ्ट लंबे समय से खराब थी, जिससे बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को परेशानी हो रही थी। इसी मुद्दे पर बैंक मैनेजर ने कयालविझी से लिफ्ट की मरम्मत कराने का अनुरोध किया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में कयालविझी अपनी सीट से उठकर बैंक मैनेजर के पास जाती हुई दिखाई देती हैं और कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार देती हैं। घटना के समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।

घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कयालविझी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। हालांकि, मामले में उनकी ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।