Tनई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा करने वाले वकील प्रबल प्रताप सिंह यादव को नई दिल्ली जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अदालत की कार्यवाही में बाधा डालने, मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और बेंच की ओर कागज फेंकने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।


सुनवाई के दौरान किया था हंगामा

जानकारी के अनुसार, प्रबल प्रताप सिंह यादव सुप्रीम कोर्ट में अपना मामला खुद लड़ रहे थे। सुनवाई के दौरान उन्होंने कथित तौर पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और जजों की बेंच की ओर कागज फेंक दिए, जिससे कुछ समय के लिए अदालत की कार्यवाही प्रभावित हुई।


पहले हिरासत, फिर गिरफ्तारी

घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट परिसर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तुरंत कोर्टरूम से बाहर निकाल दिया। इसके बाद आईबी, स्पेशल सेल और अन्य जांच एजेंसियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ की। बाद में मामले को आगे की कार्रवाई के लिए नई दिल्ली जिला पुलिस को सौंप दिया गया। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।


जांच में क्या सामने आया?

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे यह मामला पूर्व नियोजित (सोची-समझी साजिश) होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।


किस मामले में पहुंचे थे सुप्रीम कोर्ट?

प्रबल प्रताप सिंह यादव इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक आदेश को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। उनकी मांग लखनऊ के एक मामले में एफआईआर दर्ज कराने से जुड़ी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए उनकी विशेष अनुमति याचिका (SLP) खारिज कर दी थी