सोशल मीडिया पर इन दिनों एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो को लेकर दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज एमएस धोनी और विराट कोहली, फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का आखिरी विश्व कप मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचे थे।
धोनी-कोहली की वायरल तस्वीर का सच, FIFA वर्ल्ड कप में रोनाल्डो के आखिरी विश्व कप मैच का फैक्ट चेक!Source : Abp News.com
दरअसल, मंगलवार (7 जुलाई) को अमेरिका के डलास स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ-16 मुकाबले में पुर्तगाल को स्पेन के हाथों 0-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही रोनाल्डो का विश्व कप सफर समाप्त हो गया। इसी मैच से जुड़ी एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल है, जिसमें स्टैंड्स में बैठे दो शख्सों को एमएस धोनी और विराट कोहली बताया जा रहा है।
वायरल तस्वीर में मैच का स्कोर स्पेन 1-0 पुर्तगाल और 13:33 मिनट का समय भी दिखाई दे रहा है, जिससे पहली नजर में यह किसी लाइव प्रसारण का स्क्रीनशॉट लगती है। तस्वीर के साथ शेयर किए जा रहे कैप्शन में दावा किया गया है कि "विराट कोहली और एमएस धोनी स्पेन बनाम पुर्तगाल का मैच देखने पहुंचे थे और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का उत्साह बढ़ा रहे थे।"
क्या है वायरल तस्वीर की असल सच्चाई?
अब बात करते हैं इस वायरल तस्वीर की हकीकत की। पड़ताल में ऐसा कोई विश्वसनीय सबूत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो सके कि एमएस धोनी और विराट कोहली रोनाल्डो का आखिरी फीफा वर्ल्ड कप मैच देखने स्टेडियम पहुंचे थे। न तो दोनों खिलाड़ियों की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक पोस्ट या जानकारी साझा की गई है और न ही किसी विश्वसनीय स्रोत ने इस दावे की पुष्टि की है।
दरअसल, एमएस धोनी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं, जबकि विराट कोहली इन दिनों इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारियों में व्यस्त हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह तस्वीर भ्रामक है और इसके दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रोनाल्डो ने खेल लिया अपना आखिरी फीफा वर्ल्ड कप मैच
स्पेन के खिलाफ मुकाबले के साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फीफा वर्ल्ड कप सफर समाप्त हो गया। यह उनके करियर का छठा और आखिरी विश्व कप था। मैच से पहले ही रोनाल्डो ने साफ कर दिया था कि 2026 संस्करण उनके करियर का अंतिम वर्ल्ड कप होगा।
हालांकि, क्लब और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करने वाले रोनाल्डो अपने शानदार करियर के बावजूद एक भी फीफा वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीत सके।
