अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद जिले के रामोल इलाके में शनिवार (18 जुलाई) दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में तेज आग लग गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।


धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

यह हादसा रामोल-गताराड रोड स्थित महमूदपुरा में टैलेंट स्कूल के सामने मौजूद एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।


राहत और बचाव अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


विस्फोट के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल विस्फोट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किस कारण हुआ। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।