पटना। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि और तेज बहाव के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के कटावग्रस्त इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे खतरे का जायजा लिया और स्थानीय स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान तेजस्वी यादव ने संबंधित पदाधिकारियों और अभियंताओं से गंगा के मौजूदा जलस्तर, तेज बहाव और संभावित जोखिमों को लेकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कटाव प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर भी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

तेजस्वी यादव ने अधिकारियों को जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने बाढ़ और कटाव की संभावित स्थिति को देखते हुए त्वरित समाधान तथा कटाव निरोधक कार्यों के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। तेजस्वी ने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी खतरे की स्थिति में तत्काल कदम उठाने को कहा।